logo-image

दिल्ली में बरसे बादल, मानसून के जल्द दस्तक देने की उम्मीद

मानसून पूर्व हुई बारिश से दिल्ली में मौसम हुआ सुहाना, लोगों को मिली चिलचिलाती गर्मी से राहत

Updated on: 28 Jun 2017, 03:23 PM

नई दिल्ली:

कई दिनों से गर्मी की तपिश से परेशान दिल्लीवालों के लिए बुधवार की सुहानी सुबह ख़ुशी की बौछार लाई। राजधानी दिल्ली में आज सुबह हुई बारिश ने गर्मी व उमस से कुछ हद तक राहत दिलाई। मौसम विभाग ने दिन में भी बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से और भी राहत मिलेगी। 
तापमान में भी भरी गिरावट दर्ज़ किया गया। न्यूनतम तापमान 28°C दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.5°C दर्ज किया गया था।


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 29-30 जून तक मानसून के राजधानी में दस्तक देने की उम्मीद है। विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली , हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 29-30 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। स्काईमेट के निदेशक महेश पलावत ने कहा, 'दिल्ली में 29 जून को मानसून आ सकता है।' भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के 30 जून से 4 जुलाई के बीच पहुंचने की संभावना है।

जहां एक ओर देश के कुछ हिस्से मानसून का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे है तो वही उत्तराखंड में बारिश के चलते यातायात प्रभावित हो गया है।मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। मुंबई में भी भारी बारिश ने रेल सेवाओं को ठप्प कर दिया है, कई जगहों पर जल भराव के कारण लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है। 

(इन्पुट्स आईएएनएस से)

 और पढ़ें:सहारनपुर हिंसा पर बोले योगी आदित्यनाथ, कहा- हुई थी प्रशासनिक चूक