logo-image

काला धन रखने वालों की मदद कर रही है मोदी सरकार:राहुल गांधी

नोटबंदी पर संसद में चल रहे संग्राम के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर कालेधन को लेकर बड़ा हमला किया है।

Updated on: 30 Nov 2016, 07:25 PM

highlights

  • कालाधन रखने वालों की मदद कर रही है सरकार:राहुल
  • देश की जनता कांग्रेस की गंदी राजनीति को देख रही है:नायडू

नई दिल्ली:

नोटबंदी पर संसद में चल रहे संग्राम के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर कालेधन को लेकर बड़ा हमला किया है।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार काले धन पर नया कानून बनाकर काला धन रखने वालों की मदद कर रही है। केंद सरकार ने ऐलान किया था कि काल धन रखने वाला जो भी शख्स उसका खुलासा करेगा सरकार उसे कानूनी तरीक से कुल घोषित संपत्ति का 50 फीसदी हिस्सा टैक्स लेकर वापस कर देगी।

केंद्र सरकार ने अघोषित आय पर टैक्स वसूलने के लिये लोकसभा में आयकर अधिनियम में संशोधन बिल पारित करवाया था। इस बिल के प्रस्ताव के मुताबिक अगर आप अघोषित नकदी घोषित करते हैं, तो आपको कर एवं जुर्माने के रूप में 50% देना होगा।

अगर आप ऐसा नहीं करते हैं और आयकर अधिकारियों की पकड़ में आ जाते हैं तो आप पर 85% कर एवं जुर्माना लगेगा।

कांग्रेस के संसद नहीं चलने देने के आरोप पर राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब संसद में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दिए बना सदन की कार्यवाही को शुरू कर दी गई।

इसी वजह से कांग्रेस ने सदन में इसका विरोध किया। एक दिन पहले जम्मू कश्मीर के नागरोटा में आतंकी हमले में 2 अधिकारी समेत सेना के कुल 7 जवानों की मौत हो गई थी।

राहुल गांधी के आरोपों पर संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने कहा देश की जनता कांग्रेस की गंदी राजनीति को देख रही है। कांग्रेस ने प्रश्नकाल के समय भी संसद को नहीं चलने दिया। कांग्रेस सदन चलने ही नहीं देना चाहती क्योंकि उसे डर है कि उसकी सच्चाई देश के सामने ना आ जाए।