logo-image

गांधी 150वीं जयंती : ये 7 वैश्विक नेता भी महात्मा गांधी के विचारों से रहे प्रभावित

गांधी की पहचान दुनिया में आंदोलन की लड़ाई को अहिंसात्मक रूप से कामयाब बनाने का रहा है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के बाद पूरे विश्व ने गांधी को एक अद्भभुत नेता के रूप में देखा और उन्हें अपना आदर्श भी माना।

Updated on: 02 Oct 2018, 12:59 PM

नई दिल्ली:

अंग्रेजी हुकुमत के खिलाफ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अगर कोई सबसे महान और केंद्रित चेहरा रहा तो वह है महात्मा गांधी का। देश भर में आज मोहनदास करमचंद गांधी की 150वीं जयंती मनाई जा रही है। अहिंसा के राह पर चलकर गांधी ने जिस तरह देश के स्वतंत्रता आंदोलन को अंतिम मुकाम तक पहुंचाया उससे पूरा विश्व प्रभावित हुआ था। इसलिए महात्मा गांधी की जयंती को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। गांधी की पहचान दुनिया में आंदोलन की लड़ाई को अहिंसात्मक रूप से कामयाब बनाने का रहा है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के बाद पूरे विश्व ने गांधी को एक अद्भभुत नेता के रूप में देखा और उन्हें अपना आदर्श भी माना।

नेल्सन मंडेला

मंडेला को दक्षिण अफ्रीका का गांधी कहा जाता है क्योंकि उन्होंने भी गांधी के पदचिन्हों पर चलकर अपने देश को आजाद कराया। गांधी और मंडेला दोनों 20वीं सदी औपनिवेशिक सत्ता के खिलाफ संघर्ष के महानायक माने जाते है। रंगभेद के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका में लड़ाई लड़ने वाले मंडेला के लेखों में गांधीजी का जिक्र अक्सर मिला जाया करता है। मंडेला के टाइम्स मैगजीन में छपे लेख में गांधीजी के बारे में लिखा था और कहा था कि गांधीजी से उन्हें प्रेरणा मिलती रही। उन्होंने 2007 में एक विडियो भी जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था, 'दक्षिण अफ्रीका से रंगभेद को हटाने में गांधीजी के विचारों का बहुत बड़ा योगदान था।'

हो ची मिन्ह

फ्रांसीसी उपनिवेश के खिलाफ वियतनाम में अगुवाई करने वाले क्रांतिकारी कम्युनिस्ट नेता हो ची मिन्ह गांधी को भी अपना आदर्श मानते थे। हो ची मिन्ह ने गांधीवाद पर कहा था कि मैं और दूसरा कोई और क्रांतिकारी हो सकता है लेकिन हम महात्मा गांधी के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष शिष्य हैं।

मार्टिन लूथर किंग जूनियर

अफ्रीकन-अमेरिकन सिविल राइट्स मूवमेंट के हीरो रहे मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने गांधीजी के विचारों में गहरा विश्वास जताया था। गांधी के जरिये उन्होंने अमेरिका में गांधी के तरीकों का इस्तेमाल करके काले अमेरिकियों के नागरिक अधिकारों के लिए सफलतापूर्वक लड़ाई लड़ी थी।

अल्बर्ट आइंस्टीन

20वीं सदी के महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन भी महात्मा गांधी के विचारों से काफी प्रभावित थे। आइंस्टीन ने अपने एक पत्र में लिखा था कि आने वाली पीढियों के लिए गांधी एक रोल मॉडल हैं।

खान अब्दुल गफ्फार खान

सीमांत गांधी के नाम से मशहूर रहे खान अब्दुल गफ्फार खां महात्मा गांधी से काफी ज्यादा प्रभावित थे। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनके करीबी रहे थे। अहिंसा की बातों का गफ्फार खां पर काफी प्रभाव था। आजादी के बाद गांधी के विचारों को उन्होंने पाकिस्तान में लगातार फैलाया था।

आंग सान सू की

म्यांमार की स्टेट काउंसलर आंग सान सू की पर महात्मा गांधी के जीवन का खासा प्रभाव रहा। 2012 में न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करते हुए 68 वर्षीय नोबेल शांति पुरस्कार विजेता सू की ने बताया था कि गांधीजी का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा था कि वह गांधीजी के लेखों से बहुत प्रेरित हुई हैं और उन्होंने वहां मौजूद छात्रों से भी आग्रह किया कि वह भी गांधीजी के लेखों को पढ़ें।

दलाई लामा

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने कई अवसरों पर यह कहा है कि वे महात्मा गांधी के अनुयायी हैं। उनका मानना है कि गांधी एक साहसी और ईमानदार नेता के प्रतीक हैं। दोनों नेता इस विचार को मानते थे कि राजनीतिक परिवर्तन आध्यात्मिक विकास के लिए सहायक होना चाहिए।