logo-image

मदन मोहन झा बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त, अखिलेश सिंह चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख

कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा को बिहार इकाई का अध्यक्ष और डॉक्टर अखिलेश प्रसाद सिंह को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया है।

Updated on: 18 Sep 2018, 04:28 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा को बिहार इकाई का अध्यक्ष और डॉक्टर अखिलेश प्रसाद सिंह को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मदन मोहन झा और अखिलेश प्रसाद सिंह की नियुक्ति की।

प्रदेश अध्यक्ष के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किये गए हैं। अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कांग्रेस के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन सभी को तत्काल प्रभाव के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस ने 23 सदस्ययी कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है।

मदन मोहन झा वर्तमान में बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 23 सदस्यीय कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।

बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पद अशोक चौधरी को पद से हटाये जाने के बाद से खाली था। इसके बाद से कोकब कादरी कार्यवाहक अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे।

एनएसयूआई से राजनीति की शुरुआत करने वाले मदन मोहन झा युवा कांग्रेस में महासचिव बने थे। बाद में वह बिहार कांग्रेस में महासचिव नियुक्त किये गए। 1985 से 1995 तक विधानसभा के सदस्य रहे। मई 2014 से बिहार विधान परिषद में कांग्रेस कोटे से सदस्य हैं।

दरभंगा जिले के निवासी झा के पिता नागेंद्र झा बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री रहे। स्वयं मदन मोहन झा नीतीश सरकार में महागठबंधन के दौर में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रहे हैं।

और पढ़ें : पीएम मोदी ने वाराणसी को दी 600 करोड़ की सौगात, पढ़िए उनके भाषण की 10 बड़ी बातें