logo-image

कर्नाटक: मंत्रिमंडल गठन से पहले साफ हुई तस्वीर, कुमारस्वामी दिल्ली में करेंगे राहुल से मुलाकात

सरकार बनाने के बाद कैबिनेट में मंत्रीपद को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य के मंत्रिमंडल में कांग्रेस के 20 और जेडीएस के 14 विधायकों को शामिल किया जा सकता है।

Updated on: 20 May 2018, 01:26 PM

highlights

  • मंत्रिमंडल में कांग्रेस के 20 और जेडीएस के 14 विधायकों को शामिल किया जा सकता है
  • कुमारस्वामी ने कहा कि शपथ ग्रहण के ठीक 24 घंटों के बाद बहुमत साबित कर दूंगा
  • दिल्ली में कुमारस्वामी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी से करेंगे मुलाकात

बेंगलुरू:

कर्नाटक में बी एस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) जेडीएस गठबंधन के राज्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है।

अब कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन मिलकर राज्य में सरकार बनाने जा रही है। जेडीएस नेता एच डी कुमारस्वामी राज्य के मुख्यमंत्री होंगे और उपमुख्यमंत्री का पद कांग्रेस के खाते में जाएगा।

बता दें कि राज्य में चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ही दूसरी नंबर की पार्टी बनी कांग्रेस ने जेडीएस के साथ सरकार बनाने और कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दिया था।

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में एच डी कुमारस्वामी 23 मई को शपथ लेंगे। वहीं कांग्रेस नेता जी परमेश्वर उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं।

मंत्रिमंडल का बंटवारा

सरकार बनाने के बाद कैबिनेट में मंत्री पद को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य के मंत्रिमंडल में कांग्रेस के 20 और जेडीएस के 14 विधायकों को शामिल किया जा सकता है।

इसके अलावा कांग्रेस और जेडीएस के नेताओं के बीच राज्य विधानसभा में अगले रविवार को बैठक होने वाली है। चुनाव में कांग्रेस को 78 और जेडीएस को 37 सीटें मिली थी।

सोमवार को एच डी कुमारस्वामी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात करने वाले हैं।

कुमारस्वामी ने कहा, 'शपथ ग्रहण के ठीक 24 घंटों के बाद मैं बहुमत साबित कर दूंगा।'

मंत्रिमंडल के संभावित चेहरे

1. मुख्यमंत्री और वित्त - कुमारस्वामी- जेडीएस

2. उप-मुख्यमंत्री और गृह - डॉ जी परमेश्वर- कांग्रेस

3. सिंचाई - एच के पाटिल- कांग्रेस

4. पीडब्ल्यूडी - एच डी रेवन्ना- जेडीएस

5. ऊर्जा - डी के शिवकुमार- कांग्रेस

6. भारी उद्योग - ए टी रामास्वामी- जेडीएस

7. परिवहन - रामलिंगरेड्डी- कांग्रेस

8. सिंचाई - के एम शिवलिंगगेड़ा- जेडीएस

9. राजस्व - एस शिवशंकरप्पा- कांग्रेस

10. स्वास्थ्य - यू टी अब्दुल खादर अली फरीद- कांग्रेस

11. महिला कल्याण - लक्ष्मी हेब्बाल्कर- कांग्रेस

12. कृषि - सी एस पुत्तराजू - जेडीएस

13. शिक्षा - अदगुरु एच विश्वनाथ- जेडीएस

14. ग्रामीण विकास - सतीश जरकोहली- कांग्रेस

15. शहरी विकास - के जे जॉर्ज- कांग्रेस

16. खेल और समाचार - एम कृष्णप्पा- कांग्रेस

17. सूचना - कृष्णा गौड़ा- कांग्रेस

18. सामाजिक कल्याण - एच के कुमारस्वामी- जेडीएस

19. सहकारी - जी टी देवेगौड़ा- जेडीएस

20. कपड़ा - बांदेपा कशमपूरा- जेडीएस

21. श्रम - डी सी थमन्ना- जेडीएस

22. उत्पाद शुल्क - दिनेश गुंडू राव- कांग्रेस

23. मेडिकल एजुकेशन - तनवीर सैत- कांग्रेस

24. उच्च शिक्षा - डॉ. सुधाकर- कांग्रेस

25. वन - रोशन बेग-कांग्रेस

26. खाद्य और नागरिक आपूर्ति - एम बी पाटिल - कांग्रेस

27. कानून और न्याय - आर वी देशपांडे - कांग्रेस

28. चीनी - डॉ अजय सिंह- कांग्रेस

29. विज्ञान और तकनीक - प्रियंका खड़गे- कांग्रेस

23 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ

बी एस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद कुमारस्वामी राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में 23 मई को शपथ लेंगे। कुमारस्वामी ने कहा, 'हम बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं क्योंकि सोमवार को राजीव गांधी की मृत्युदिवस है।'

कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बीएसपी सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी के शामिल होने की संभावना है।

इससे पहले कर्नाटक विधानसभा में बहुमत परीक्षण साबित करने से पहले बी एस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में बीजेपी 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।

और पढ़ें: कर्नाटक जीत से उत्साहित राहुल 2019 के लिए विपक्ष को लाएंगे साथ