logo-image

भय्यूजी महाराज का अंतिम संस्कार आज, गोली मारकर की थी खुदकुशी

आध्यात्मिक गुरु भय्यू जी महाराज का आज इंदौर में अंतिम संस्कार किया जाएगा, सुबह 9 से दोपहर 12.30 बजे तक उनका पार्थिव शरीर इंदौर में उनके आश्रम पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

Updated on: 13 Jun 2018, 11:58 AM

नई दिल्ली:

आध्यात्मिक गुरु भय्यू जी महाराज का आज इंदौर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुबह 9 से दोपहर 12.30 बजे तक उनका पार्थिव शरीर इंदौर में उनके आश्रम पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

अंतिम दर्शन के बाद दोपहर 1 बजे सयाजी मुक्ति धाम पर उनका अंतिम संस्कार होगा।

बता दें कि स्वयंभू आध्यात्मिक गुरु भय्यूजी महाराज ने इंदौर में मंगलवार को अपने आवास पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। भय्यूजी की आत्महत्या के सही कारणों का  अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि मृत शरीर के पास से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें आत्महत्या का कारण तनाव बताया गया है।

पुलिस ने सुसाइड नोट के साथ रिवॉल्वर जब्त कर ली है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने भय्यूजी महाराज के निधन पर शोक जताया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'संत भय्यूजी महाराज को सादर श्रद्धांजलि। देश ने संस्कृति, ज्ञान और सेवा की त्रिवेणी व्यक्तित्व को खो दिया। आपके विचार अनंत काल तक समाज को मानवता की सेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करेंगे।'

इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया, 'भय्यूजी महाराज ने अपने आवास पर खुद को गोली मारी, उन्हें उपचार के लिए स्थानीय बॉम्बे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनका निधन हो गया। खुद को गोली मारने का कारण क्या है, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।'

दो महीने पहले ही मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने को ठुकराने वाले भय्यूजी महाराज की आत्महत्या पर राजनीति भी शुरू हो चुकी है।

कांग्रेस नेता मयंक अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार समर्थन पाने के लिए उन पर लगातार दवाब बना रही थी।

अग्रवाल ने कहा, 'मध्य प्रदेश सरकार सुविधाओं को स्वीकारने और उनकी सरकार को समर्थन करने का दवाब बना रही थी लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। वे बुरी तरह से मानसिक दवाब झेल रहे थे। इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।'

कांग्रेस के इन आरोपों पर अब तक मध्य प्रदेश सरकार का जवाब नहीं आया है।

और पढ़ें: संसद में मोदी की 'अनुपस्थिति' के खिलाफ कोर्ट में पीआईएल दाखिल