logo-image

मोदी सरकार पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा- खिचड़ी की जरूरत अर्थव्यवस्था को है देश को नहीं

दिल्ली के इंडिया गेट पर चल रहे इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल 'वर्ल्ड फूड इंडिया' के दूसरे दिन 918 किलो खिचड़ी बनाये जाने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुये कहा कि मंत्रियों को देश के विकास के लिये प्रोत्साहित करने के बजाय मोदी सरकार बाबा रामदेव का प्रचार करने में जुटी है।

Updated on: 05 Nov 2017, 12:40 PM

नई दिल्ली:

दिल्ली के इंडिया गेट पर चल रहे इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल 'वर्ल्ड फूड इंडिया' के दूसरे दिन 918 किलो खिचड़ी बनाये जाने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तंज कसा है। कांग्रेस ने कहा कि मंत्रियों को देश के विकास के लिये प्रोत्साहित करने के बजाय मोदी सरकार बाबा रामदेव का प्रचार करने में जुटी है।

कांग्रेस प्रवक्ता टॉम वडक्कन ने कहा कि जब लोग बीमार हो जाते हैं, तो खिचड़ी खिलाई जाती है। और अभी अर्थव्यवस्था बीमार है, देश नहीं ।

टॉम वडक्कन ने कहा ,'रिकॉर्ड बनाना एक बड़ी बात है। और विश्व रिकॉर्ड तोड़ने के लिए ही बनते हैं। तो अगले साल बनाने और तोड़ने के लिए कई और अधिक रिकॉर्ड होंगे। खिचड़ी आमतौर पर तब खिलाई जाती है जब लोग बीमार हो जाते हैं। अभी अर्थव्यवस्था बीमार है तो खिचड़ी की जरूरत अर्थव्यवस्था को है देश को नहीं'।

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड फूड इंडिया: 918 किलो खिचड़ी तैयार कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता द्विजेन्द्र त्रिपाठी ने कहा, ' मोदी सरकार के पास खिचड़ी और बाबा रामदेव के उत्पादों के प्रचार के अलावा करने को कुछ भी नहीं है। इन सब चीजों में मंत्रियों को प्रोत्साहित करने से देश का विकास नहीं होगा। अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर रुचि दिखाने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ समय और पैसा बर्बाद कर रहे हैं।'

गौरतलब है कि 6 दिल्ली के इंडिया गेट पर चल रहे इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल 'वर्ल्ड फूड इंडिया' के दूसरे दिन भारत ने 918 किलो खिचड़ी बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया। इस खिचड़ी को मशहूर शेफ संजीव कपूर की देखरेख में 50 शेफ ने मिलकर तैयार किया।

इस खिचड़ी को गैरसरकारी संगठन की मदद से हजारों लोगों और गरीब बच्चों में बांटा गया।

यह भी पढ़ें: PM मोदी को राहुल गांधी की नसीहत, कहा- 'दाम बांधो, काम दो, वर्ना खाली करो सिंहासन'