logo-image

मप्रः कांग्रेस ने की राज्यपाल से प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्य सरकार की क्षमताओं पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।

Updated on: 10 Jun 2017, 09:53 PM

highlights

  • कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्यपाल से राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की
  • कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन का कहना है कि प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सकता

भोपाल:

मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्य सरकार की क्षमताओं पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।

यहां शनिवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने कहा, 'अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपवास का नाटक छोड़ें और राजनीति से संन्यास लें। गांधी के हत्यारे गोडसे की विचारधारा के समर्थक आज गांधीवादी होने की नौटंकी कर रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि किसानों से शांति की अपील वह मुख्यमंत्री कर रहे हैं, जिनकी पुलिस की गोली से छह किसानों की मौत हो गई। यह सरासर हत्या है, क्योंकि सभी किसानों को कमर के ऊपर गोली मारी गई।

और पढ़ेंः किसानों के मुद्दे पर NDA में विरोध के सुर, BJP की सहयोगी विपक्ष से हाथ मिलाने को तैयार

नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल से मांग की है कि वह प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाएं, क्योंकि राजकाज संभालने वाली शिवराज सरकार मौजूद हालात में घुटने टेक चुकी है।

मुख्यमंत्री शिवराज द्वारा भेल दशहरा मैदान में उपवास किए जाने पर कटाक्ष करते हुए नेता अजय सिंह ने आगे कहा, 'इस प्रदेश की जनता ने उन्हें शासन-प्रशासन चलाने के लिए मंत्रालय सौंपा, बड़े-बड़े बंगले दिए, सारे ऐशो-आराम दिया और वे सरकार चलाने के लिए मैदान पहुंच गए। ऐसा करना प्रदेश की जनता और किसानों के साथ विश्वासघात है और मुख्यमंत्री उनका अपमान कर रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन कह रहे हैं कि प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सकता। उधर, गृहमंत्री गैर जिम्मेदार बयान दे रहे हैं। कुल मिलाकर किसानों के साथ धोखाधड़ी हो रही है। मंत्री ने दूसरा धोखा यह दिया कि आंदोलित किसानों से बात न करके पार्टी संगठन से चर्चा की।

और पढ़ेंः मप्र: शिवराज की तरफ से कर्ज माफी का आश्वासन नहीं मिलने पर किसानों ने भी शुरू किया उपवास

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'हमारी मांग है कि मौजूदा हालात में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। मुख्यमंत्री की नौटंकी पर सरकारी खजाने से जो करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, उसकी वसूली शिवराज सिंह चौहान से हो या उनकी पार्टी भाजपा से हो, उस पूरे सरकारी पंडाल में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ता का जमघट है। किसानों की सभी जायज मांगें तत्काल मानी जाएं। प्रदेश में अन्नदाता किसानों पर गोली चलवाने के जिम्मेदार मुख्यमंत्री त्यागपत्र दें।'

चैंपियंस ट्राफी 2017 से जुड़ी हर खबर के लिए यहां क्लिक करें