logo-image

संबित पात्रा का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा- यह लोकतंत्र और परिवारवाद के बीच मुकाबला है

संबित पात्रा ने कहा कि सत्ता के लिए कांग्रेस परिवार ने देश को अपनी संपत्ति बना ली है। यह लोकतंत्र और राजतंत्र के बीच मुकाबला है।

Updated on: 23 Apr 2018, 07:51 PM

highlights

  • संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस परिवार ने देश को अपनी संपत्ति बना ली है
  • बीजेपी ने कहा कि किसान पर कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है
  • पात्रा ने कहा कि हमेशा लोकतंत्र की जीत होती है और परिवारवाद का अंत होता है

नई दिल्ली:

कांग्रेस के 'संविधान बचाओ' अभियान की शुरुआत पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मोदी सरकार पर लगाए आरोपों पर अब बीजेपी ने भी पलटवार किया है।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उनकी पार्टी पर किए गए हमले का जवाब दिया है।

राहुल गांधी का दलितों को लेकर प्रधानमंत्री पर विभिन्न आरोपों पर पलटवार करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि सबसे ज्यादा दलित सांसद और विधायक बीजेपी में हैं।

उन्होंने कहा कि 'संविधान बचाओ' के माध्यम से राहुल गांधी अपनी बौखलाहट दिखा रहे हैं।

लोकतंत्र और राजतंत्र का है मुकाबला: संबित पात्रा

संबित पात्रा ने कहा कि सत्ता के लिए कांग्रेस परिवार ने देश को अपनी संपत्ति बना ली है। यह लोकतंत्र और राजतंत्र के बीच मुकाबला है।

साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जवाहर लाल नेहरू ने देश का विभाजन कर दिया लेकिन प्रधानमंत्री बने, वहीं इंदिरा गांधी ने सत्ता पर कुठाराघात होने पर इमरजेंसी लगा दी।

परिवारवाद को लेकर उन्होंने निशाना साधा और कहा, 'उनके परिवार के लिए सत्ता जरूरी है। राजीव गांधी ने सत्ता के लिए 3 हजार सिक्खों को मरने दिया था'।

कांग्रेस को किसी संस्था पर नहीं है भरोसा: पात्रा

संबित पात्रा ने कहा, 'कांग्रेस को देश के किसी भी संस्था पर भरोसा नहीं है। सुप्रीम कोर्ट, रिजर्व बैंक, चुनाव आयोग, संसद, आर्मी जैसे संस्थाओं पर भरोसा नहीं है। उन्हें आर्मी पर भरोसा नहीं है इसलिए सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत चाहिए।'

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है। अपने हक में फैसला आए तो कोर्ट ठीक है वरना सुप्रीम कोर्ट को भी सड़क पर ले आए। चुनाव जीत जाए तो ईवीएम और चुनाव आयोग ठीक है, हार गए तो गलत है।'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री और पीएमओ पर भरोसा नहीं है और उसे आरएसएस एजेंट बता दिया।

देश और संविधान किसी की संपत्ति नहीं: संबित पात्रा

बीजेपी और आरएसएस को नहीं छूने दिए जाने के राहुल के बयान पर संबित पात्रा ने कहा कि भारत कांग्रेस की संपत्ति नहीं है ये देश आम लोगों का है।

उन्होंने कहा, 'अंबेडकर ने इस देश को संविधान दिया था लेकिन आपने (राहुल गांधी) आज झूठ बोलकर पहले उसका श्रेय लिया। अंबेडकर ने अपना इस्तीफा से पहले नेहरू पर पिछड़ों के लिए काम नहीं करना का आरोप लगाया था।'

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि संविधान का पहला और अंतिम श्रेय सिर्फ अंबेडकर को जाता है।

राहुल गांधी पर पात्रा का हमला

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी को 15 मिनट बोलना है और वे 15 दिन से यही बोल रहे हैं। जो व्यक्ति दो लाइन बिना मोबाइल देखे बोल नहीं सकता वो 15 मिनट क्या बोलेगा। पिछली बार बोले तो भूकंप ला रहे थे और आलू फैक्ट्री लगा रहे थे।

उन्होंने कहा, '15 साल से सांसद रहे राहुल गांधी रोज 15 मिनट बोलने की प्रैक्टिस कर मम्मी को सुना रहे हैं। 15 लाइन नहीं लिख पाने वाले को 15 मिनट बोलना है। आज आप मंच पर थे तो क्यों नहीं बोला, तमाम कैमरे आपके सामने थे।'

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि किसान पर कांग्रेस को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। स्वामीनाथन आयोग और किसानों पर इस सरकार के इस बजट में प्रावधान पर स्वामी रंगनाथन ने सरकार की पीठ थपथपाई थी।

उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने देश का इमेज खराब किया, क्या ये सही नहीं है कि आपकी अकर्मन्यता की वजह से आप जवाब नहीं दे पाए कि 70 सालों तक 18000 गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी। गरीबी हटाओ के केवल नारे ही दिये गए थे। आज पूरे विश्व में नरेन्द्र मोदी के काम के कारण हिन्दुस्तान की छवि बनी है, जो छवि बनी है उस पर बोलने की जरूरत नहीं है।'

कांग्रेस के खिलाफ भारत की जनता महाभियोग लाएगी: पात्रा

सीजेआई के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव खारिज होने के बाद संबित पात्रा ने कहा, '2014 में ही भारत के लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया को शुरू कर दिया था। और कर्नाटक होते हुए महाभियोग की प्रक्रिया 2019 में पूरी हो जाएगी।'

पात्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया, 'आपने चुनाव आयोग को बिका हुआ बताकर पूरे विश्व में बदनाम किया। पूरी दुनिया में सुप्रीम कोर्ट की छवि को धूमिल कर दिया।'

संबित पात्रा ने कहा, 'राहुल गांधी अपनी पार्टी के असफल नेता हैं इसलिए वे राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ सकते और इसलिए लोगों में वो भरोसा नहीं जगा पाए। चुंकि आप सड़क पर लड़ाई लड़ नहीं सकते और क्योंकि आपको हिंदुस्तान की जनता पसंद नहीं करती इसलिए आप इस प्रकार की ओछी राजनीति कर रहे हैं। हमेशा लोकतंत्र की जीत होती है और राजतंत्र-परिवारवाद का अंत होता है।'

और पढ़ें: संविधान बचाओ अभियान में बोले राहुल गांधी, बीजेपी-RSS को इसे हाथ तक लगाने नहीं देंगे