logo-image

गुजरात की घटना राहुल गांधी को लांच करने के लिए कांग्रेस का षडयंत्र : BJP

संबित पात्रा ने कहा कि इस घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष जिम्मेदार हैं और राहुल गांधी अपने करियर को लांच करने के लिए यह षडयंत्र कर रहे हैं और यह पूरी तरह से एक्सपोज हो चुका है।

Updated on: 09 Oct 2018, 06:19 PM

नई दिल्ली:

गुजरात में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को भगाए जाने को लेकर सियासत जारी है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस के विधायक अल्पेश ठाकोर बिहार के लोगों पर हमला करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष जिम्मेदार हैं और राहुल गांधी अपने करियर को लांच करने के लिए यह षडयंत्र कर रहे हैं और यह पूरी तरह से एक्सपोज हो चुका है। संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव से पहले ऐसी साजिश रचकर वोट बैंक की राजनीति करती है।

मंगलवार को गुजरात की घटना पर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर संबित पात्रा ने कहा, 'पीछे से भड़काना, आग लगाने की राजनीति, लोगों को तोड़ना और भ्रांति फैलाना, ये कांग्रेस पार्टी का मुख्य उद्देश्य रहा है और इन सबके पीछे एक ही ध्येय है 'राहुल गांधी को लांच करना'।'

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की यही नीति रही है समाज बांटो, देश जलाओ, राजनीति करो और फिर चिल्लाओ। गुजरात में अल्पेश ठाकुर ने हिंसा भड़काई, कांग्रेस ने देश को बांटने की राजनीति की है।'

उन्होंने गुजरात में गिरफ्तार हुए लोगों की लिस्ट में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के नाम गिनाए और कहा कि कम से कम 30 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विजय रुपाणी की सरकार ने गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी वाकई इस घटना को लेकर चिंतित हैं तो तुरंत अल्पेश ठाकोर को पार्टी से निष्कासित करें। गुजरात में राहुल गांधी के कहने पर ही अल्पेश ठाकोर को बिहार का सह-प्रभारी बनाया गया। यह घटना कांग्रेस और राहुल गांधी का पूरा षडयंत्र है।

पात्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, 'ये गांधी परिवार वह परिवार है जो सत्ता के लिए कुछ भी कर सकता है। और अगर कांग्रेस पार्टी को देश का अहित भी करना पड़े तो उससे भी पीछे नहीं हटती।'

और पढ़ें : गुजरात में बिहार/यूपी के लोगों पर हिंसा पर बोले अल्पेश ठाकोर, अगर मैंने धमकी दी होगी तो जेल जाने को तैयार

गौरतलब है कि गुजरात के सांबरकांटा में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप के बाद यहां प्रवासी मजदूरों, खासकर उत्तर भारत से आने वालों पर व्यापक हमले हुए। दुष्कर्म के लिए प्रवासी समुदाय को जिम्मेदार माना जा रहा है। इस मामले में अब तक 35 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं और लगभग 450 लोगों को हिरासत में लिया है।