logo-image

हेवलॉक द्वीप में फंसे सभी पर्यटक सुरक्षित, तूफान कम होते ही शुरु होगा बचाव कार्य: राजनाथ सिंह

अंडमान निकोबार में भारी बारिश की वजह से हेवलॉक आईलैंड पर 1400 पर्यटकों के बारें में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं।

Updated on: 08 Dec 2016, 12:49 PM

highlights

  • अंडमान के हेवलॉक और नील द्वीपों में तकरीबन 1,400 सैलानी फंसे हैं
  • हैवलॉक आईलैंड्स राजधानी पोर्ट ब्लेयर से करीब 40 किलोमीटर दूर
  • राजनाथ ने कहा सभी यात्री है सुरक्षित,जल्द शुरू होगा रेसक्यू

नई दिल्ली:

अंडमान निकोबार में भारी बारिश की वजह से हेवलॉक आईलैंड पर फंसे 1400 पर्यटकों के बारें में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। भारतीय नौसेना ने उनको बचाने के लिए अभियान चलाया है, लेकिन खराब मौसम की वजह से बचाव अभियान में बाधा आ रही है।

यह भी पढ़ें- अंडमान: हेवलॉक आईलैंड पर फंसे 800 पर्यटक, खराब मौसम की वजह रेस्क्यू में रुकावट

अंडमान के हेवलॉक और नील द्वीपों में तूफानी मौसम की वजह से तकरीबन 1400 पर्यटक फंसे हुए हैं। ऐसे में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वस्त करते हुए ट्वीट किए। गृह मंत्री ने कहा,'सभी पर्यटक सुरक्षित हैं, उनको वहां से निकालने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं'।

गृह मंत्री ने कहा, 'अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ जगदीश मुखी से उनकी बातचीत हुई है, उन्होंने उनको वहां की स्थिति से अवगत कराया है। राजनाथ ने जानकारी दी कि अंडमान की राजधानी पोर्ट ब्लेयर में टीम तैयार है और तूफान की तीव्रता कम होते ही सरकार जल्द से जल्द राहत और बचाव कार्य शुरू करेगी।

इससे पहले नौसेना ने फंसे हुए पर्यटकों को निकालने के लिए बुधवार को चार पोतों को लगाया था। नेवी ने बित्रा, बंगाराम और कुंभीर जहाजों को इस काम के लिए भेजा है। सभी पर्यटकों को हैवलॉक द्वीप से निकालकर पोर्ट ब्लेयर ले जाया जाएगा। हेवलॉक आईलैंड पोर्ट ब्लेयर से 40 किलोमीटर दूर है।

अंडमान में नील और हेवलॉक बेहद लोकप्रिय पर्यटक स्थल हैं और सैलानियों को वहां से लाने के माध्यम पोत या हेलीकॉप्टर हैं, जिन्होंने सोमवार रात से खराब मौसम की वजह से अभियान को रोक दिया है।