logo-image

Khunti Lok Sabha Election Result 2019: BJP के अर्जुन मुंडा ने लहराया भगवा

अर्जुन मुंडा ने अपने करीबी प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा को 1445 वोटों से हराया

Updated on: 25 May 2019, 05:09 PM

नई दिल्‍ली:

झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के अर्जुन मुंडा ने जीत हासिल की है. उन्होंने कड़े मुकाबले में अपने करीबी प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा को 1445 वोटों से हराया. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अर्जुन मुंडा को 382638 वोट मिले, तो कांग्रेस के कालीचरण मुंडा को 381193 वोटों से संतोष करना पड़ा. झारखंड के खूंटी लोकसभा सीट पर बीजेपी (BJP) के अर्जुन मुंडा और कांग्रेस (Congress) के कालीचरण के बीच कड़ी टक्कर थी. साल 2014 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां पर 64.19 फीसदी वोटिंग हुई थी. खूंटी लोकसभा सीट से 2014 में बीजेपी के करिया मुंडा ने चुनाव जीता था. उन्होंने जेकेपी के अनोष एक्का को हराया था. करिया मुंडा को 2.69 लाख और अनोष एक्का को 1.76 लाख वोट मिले थे. तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के काली चरण मुंडा को 1.47 लाख वोट मिले थे.

खुंटी का राजनीतिक इतिहास

खूंटी सीट पर शुरुआत में कांग्रेस का कब्जा था. यहां से कांग्रेस के टिकट पर जयपाल सिंह लगातार तीन चुनाव (1952, 1957 और 1962) जीत चुके हैं. साल 1971 में इस सीट से झारखंड पार्टी के निरल इनम होरो ने बाजी मारी थी. साल 1977 में इस सीट पर झारखंड पार्टी का खाता खुला था और उसके टिकट पहली बार करिया मुंडा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे. साल 1980 में फिर झारखंड पार्टी के निरल इनम होरो की वापसी हुई थी. साल 1984 में कांग्रेस के सिमोन टिग्ग जीते थे.

इसके बाद बीजेपी के टिकट से करिया मुंडा ने लगातार पांच बार (1989, 1991, 1996, 1998 और 1999) जीत दर्ज की थी. इसके बाद साल 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सुशीला केरकेता ने जीत हासिल की थी. इसके बाद फिर करिया मुंडा बीजेपी के टिकट पर लगातार दो बार यानी 2009 और 2014 में जीते.

झारखंड के खूंटी सीट पर जनता फिर से किस पर जताएगी भरोसा पढ़ते रहिए हर अपडेट यहां...Live Updates-