logo-image

बिहार: गंगा में नहा रही महिला के साथ बलात्कार, वीडियो बनाकर किया वायरल, युवक गिरफ्तार

बिहार में एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

Updated on: 03 Oct 2018, 01:45 PM

पटना:

बिहार में एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पटना पुलिस ने मंगलवार को युवक को गिरफ्तार किया है। घटना मोकामा थाना क्षेत्र के बाढ़ इलाके की है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आनंद कुमार ने कहा कि महिला बाढ़ इलाके में गंगा नदी में स्नान करने गई थी जिसके बाद नहाते वक्त ये घटना घटी थी।

पुलिस के अनुसार, एक 40 वर्षीया महिला जिउतिया पर्व के मौके पर रविवार को जब गंगा में स्नान कर रही थी, तो उस समय उस नदी घाट पर कोई नहीं था। इस दौरान वहां दो लोग पहुंचे और महिला को पकड़कर एक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और एक ने अपने मोबाइल में उसका वीडियो भी बना लिया। 

इसके बाद उस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में लोगों को इस घटना की जानकारी मिली। 

एसपी के मुताबिक, हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अब हम उस व्यक्ति का पता लगा रहे हैं जिसने रेप की घटना का वीडियो बनाया था। पीड़िता ने अब तक संपर्क नहीं किया है। यह घटना किस दिन हुई, अभी इसका पता नहीं चल पाया है।

वहीं पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि इस मामले में आरोपी पीड़िता के गांव के ही रहने वाले बस चालक शिवपूजन महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि वीडियो बनाने वाले उसके दोस्त को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। 

बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही है अपराध की घटनाएं

बता दें कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न घटनाओं में लगातार तेजी आई है। दो सप्ताह पहले ही पटना के फुलवारीशरीफ में पांचवीं कक्षा की छात्रा से कथित रेप के आरोप में निजी स्कूल के प्रिंसिपल और क्लर्क को गिरफ्तार किया गया था।

पटना के सटे आरा में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने और वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। इसके अलावा जहानाबाद में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर वीडियो बनाने की घटना ने शर्मसार की थी। 

मुजफ्फरपुर बालिका आश्रय गृह में करवाए गए सोशल ऑडिट में लड़कियों के यौन उत्पीड़न की बात सामने आई थी। बाद में मेडिकल परीक्षण में 34 लड़कियों से दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।