logo-image

कर्नाटक: ऑफिस में लोकायुक्त पर चाकू से हमला, अब हालत स्थिर

कर्नाटक के बेंगलुरू में लोकायुक्त वी विश्वनाथ शेट्टी पर उनके ऑफिस में एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

Updated on: 07 Mar 2018, 05:27 PM

नई दिल्ली:

कर्नाटक के बेंगलुरू में बुधवार को लोकायुक्त वी विश्वनाथ शेट्टी पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

पुलिस आयुक्त टी सुनील कुमार का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच-पड़ताल में पता चला है कि हमलावर ने फर्नीचर की आपूर्ति से संबंधित मामले में करीब 15-17 सरकारी कर्मचारियों की शिकायत की थी। हालांकि, उसके आरोप सही साबित नहीं हुए।  

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने इस घटना की निंदा की है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े लोकायुक्त पर जानलेवा हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कर्नाटक में कानून-व्यवस्था के बिगड़ते हालात को दिखाता है। इसके लिए सिद्धारमैया और कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार है।

राज्य के गृहमंत्री रामालिंगा रेड्डी ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया था कि आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह घटना लोकायुक्त के ऑफिस में ही हुई थी। 

आरोपी की पहचान प्राथमिक तौर पर तेजस शर्मा के रूप में की गई है। हालांकि आरोपी ने यह हमला क्यों किया, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। मामला दर्ज कर पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

और पढ़ें: भगवा जीत के बाद BJP 'समर्थकों' ने लेनिन की मूर्ति पर चलाया बुलडोजर

कब हुआ हमला?

जानकारी के अनुसार जब लोकायुक्त वी विश्वनाथ शेट्टी अपने ऑफिस में काम कर रहे थे, उसी वक्त उनसे मिलने के बहाने तेजस पहुंचा। इसके बाद अचानक ही उसने लोकायु्क्त पर चाकू से हमला कर दिया।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया लोकायुक्त से मिलने माल्या हॉस्पिटल पहुंचे हैं।

और पढ़ें: त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति ढहाए जाने के बाद तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति से तोड़ी, दो गिरफ्तार