logo-image

बाबा के आश्रम में कैदियों की तरह बंद थीं लड़कियां, पुलिस ने छुड़ाया

दिल्ली के रोहिणी में आध्यात्मिक विश्विद्यालय के नाम से बने आश्रम में छापेमारी के बाद कई चौंकाने वाली बातें लगातार सामने आ रही है।

Updated on: 23 Dec 2017, 11:29 PM

नई दिल्ली:

दिल्ली के रोहिणी में आध्यात्मिक विश्विद्यालय के नाम से बने आश्रम में छापेमारी के बाद कई चौंकाने वाली बातें लगातार सामने आ रही है। इस आश्रम के संचालक बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित पर आश्रम की कई महिलाओं को बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार अब तक पुलिस ने आश्रमों पर छापेमारी के बाद करीब 50 नाबालिग और करीब 200 महिलाओं को छुड़ाया है। इसके बाद पुलिस ने बाबा के पूरे देश के कई राज्यों में स्थित आश्रमों पर छापेमारी की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

जानकारी के अनुसार बाबा के भारत और नेपाल समेत 200 से ज्यादा आश्रम हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से ही बाबा वीरेंद्र दीक्षित फरार है।

और पढ़ें: फर्रुखाबाद समेत कई जगहों पर बाबा के आश्रम पर पुलिस का छापा, करीब 100 महिलाओं को छुड़ाया गया

शनिवार को पुलिस ने यूपी के फर्रूखाबाद स्थित बाबा के आश्रम पर छापा मारा है।

ढोंगी बाबा के कंपिल और सिकंदर बाग स्थित आश्रम पर छापा मारा जा चुका है। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह के नेतृत्व में करीब सुबह 7 बजे पुलिस बाबा वीरेंद्र देव के सिकंदर बाग आश्रम पहुंची। पुलिस को मुख्य गेट बंद मिला।

पुलिस ने अंदर मौजूद महिलाओं से गेट खोलने के लिए कहा, तो उन्होंने गेट खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई की और आश्रम के मुख्य दरवाजे का ताला खुलावाया। पुलिस ने अंदर जाकर कमरों के ताले तोड़े और तलाशी अभियान चलाया।

इस आश्रम में पुलिस की टीम को 38 महिलाएं और 14 पुरुष मिले। उप जिलाधिकारी बी.के. दुबे ने आश्रम में ही महिलाओं का बयान दर्ज किया। उन्होंने हालांकि इतना ही कहा कि प्रारंभिक जांच में आश्रम में कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है, लेकिन पड़ताल अभी जारी है।

और पढ़ें: भोपाल गैंगरेप केस में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सभी आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई

पुलिस लगातार बाबा के सभी ठिकानों पर छापे मार रही है। इनमें राजस्थान के जयपुर और माउंट आबु, उत्तर प्रदेश के बांदा, फर्रूखाबाद, दिल्ली के द्वारका, उत्तम नगर, रोहिणी आदि कई और आश्रम शामिल हैं।

इससे पहले, शुक्रवार को ललितपुर पुलिस ने भी बाबा के आश्रम में छापा मारा। एक घंटे तक चले तलाशी अभियान में हालांकि कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली। यहां रहने वाली महिलाओं का पुलिस ने लिखित बयान लिया है। पुलिस का कहना है अब आश्रम पर बराबर नजर रखी जाएगी।