logo-image

CWG 2018: रेसलर बजरंग पुनिया ने भारत को दिया 17वां गोल्ड मेडल

साल 2014 में बजरंग ने ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में 61 किलोग्राम वर्ग में स्पर्धा करते हुए सिल्वर जीता था। इस बार वह इन खेलों में अपने पदक के रंग को बदलने में कामयाब रहे।

Updated on: 13 Apr 2018, 02:09 PM

ऑस्ट्रेलिया:

भारत के पुरुष पहलवान बजरंग पुनिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में नौवें दिन शुक्रवार को भारत की झोली में 17वां स्वर्ण पदक डाला। बजरंग ने पुरुषों की 65 किलोग्राम वर्ग स्पर्धा के फाइनल में वेल्स के केन चारिग को मात देकर सोना जीता। यह उनके राष्ट्रमंडल खेलों का पहला स्वर्ण पदक है।

बजरंग ने रियो ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता चारिग को 10-1 से मात दी। उन्होंने पहले ही दौर में जीत हासिल कर ली।

भारतीय पहलवान ने शुरुआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वी चारिग पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। उन्होंने चारिग को हाथों से जकड़कर पटका और दो अंक लिए। इसी अवस्था में उन्होंने वेल्स के पहलवान को रोल कर दो अंक और लेते हुए 4-0 की बढ़त बना ली।

इसी शैली और तरीके से बजरंग ने चार अंक और लिए। अंत में बजरंग ने चारिग को चित करते हुए 10 अंक हासिल कर सोना जीता। इस बीच चारिग केवल एक अंक ही ले पाए।

साल 2014 में बजरंग ने ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में 61 किलोग्राम वर्ग में स्पर्धा करते हुए सिल्वर जीता था। इस बार वह इन खेलों में अपने पदक के रंग को बदलने में कामयाब रहे।

ये भी पढ़ें: CWG 2018: 15 साल के अनीष ने शूटिंग में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास