logo-image

कान 2018: श्रीदेवी को किया गया सम्मानित, बोनी-जाह्नवी नहीं, सुभाष घई ने लिया अवॉर्ड

श्रीदेवी के निर्माता पति बोनी कपूर ने कहा कि वह और उनकी बेटियां जाह्नवी और खुशी श्रीदेवी की मिली प्रशंसा, श्रद्धांजलि और प्यार से अभिभूत हैं।

Updated on: 18 May 2018, 05:42 PM

मुंबई:

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी को 71वें कान फिल्म फेस्टिवल में मरणोपरांत सम्मानित किया गया। फिल्मकार सुभाष घई ने उनकी तरफ से पुरस्कार ग्रहण किया। घई ने कहा कि इससे वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

श्रीदेवी को टाइटन रेजिनाल्ड एफ. लुईस फिल्म आइकन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार फिल्मोद्योग की महिलाओं को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है। श्रीदेवी को भारतीय सिनेमा में विशेष योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया।

ये भी पढ़ें: Cannes Film Festival 2018: सोनम कपूर ने न्यूड गाउन पहन रेड कारपेट पर किया वॉक, देखें तस्वीरें

सुभाष घई ने अपने ट्विटर अकाउंट से अवॉर्ड स्वीकार करने की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने लिखा, 'श्रीदेवी द्वारा भारतीय सिनेमा में किए गए योगदान के लिए उनकी तरफ से कान्स फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड स्वीकार करना सम्मान की बात थी। मैंने भी उनके साथ अपने अनुभव पाश्चात्य दर्शकों के साथ साझा किए।'

श्रीदेवी के निर्माता पति बोनी कपूर ने कहा कि वह और उनकी बेटियां जाह्नवी और खुशी श्रीदेवी की मिली प्रशंसा, श्रद्धांजलि और प्यार से अभिभूत हैं।

बोनी ने कहा, 'उनके काम और जीवन ने दुनिया भर में इतने सारे दिलों को स्पर्श किया है। वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रही हैं। वह हमेशा के लिए अमर रहेंगी, उनके काम के आभारी हैं।'

ये भी पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों में इन धार्मिक स्थलों पर जाना पसंद कर रहे हैं लोग