logo-image

शशि कपूर के निधन पर बॉलीवुड ने कहा-'खत्म हुआ एक युग', जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शशि कपूर ने निधन पर दुख जताया ।

Updated on: 04 Dec 2017, 07:51 PM

मुंबई:

दिग्गज अभिनेता और निर्माता शशि कपूर का सोमवार शाम 5.20 बजे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में निधन हो गया। सत्तर और अस्सी दशक के दिग्गज अभिनेता शशि 79 साल के थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शशि कपूर ने निधन पर दुख जताया । उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'शशि कपूर की बहुमुखी प्रतिभा को फिल्मों के साथ साथ थिएटर में भी देखा जा सकता है। जिसे उन्होंने जुनून के साथ किया। उनके शानदार अभिनय को आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी। उनके निधन से दुःखी अपने परिवार और प्रशंसकों को सांत्वना।'

शशि कपूर के निधन पर पूरा बॉलीवुड जगत शोक में हैं।

फिल्म निर्माता करण जौहर ने ट्वीट कर लिखा,' सबसे आकर्षक और बेहतरीन अभिनेता ... एक सज्जन फिल्म स्टार! फिल्म और थिएटर में उनकी विरासत असाधारण है ... परिवार के साथ प्रार्थना .... उनका काम हमेशा ही जीवित रहेगा।'

शशि कपूर के साथी कलाकार बीजेपी नेता और अभिनेता शत्रुघन सिन्हा ने भी लिखा,'आज मैं ख़ामोश हूं, शशि कपूर मेरे भाई तुम्हें सदियों तलक याद रखा जाएगा।'

हिंदी के कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखा,'फ़िल्मी पर्दे पर अभिनय की लम्बी पारी जीने वाली सदाबहार मुस्कान को अन्तिम विदा..।'

एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल ने ट्वीट किया, ' मेरे सह-अभिनेता शशि कपूर के निधन से बहुत दुखी हूं, कपूर खानदान की एक पीढ़ी खत्म हो गई। एक सज्जन और मित्र चले गए। एक युग चला गया .. अब वह सब उनकी फिल्मों में रह गया है... और कीमती यादें .. ?? आरआईपी शशि जी।'

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर लिखा,' शशि कपूर जी नहीं रहे, एक युग खत्म हो गया, परिवार लोगों के साथ शोक संवेदनाएं...आरआईपी।'

डिनो मारियो और सोनू सूद ने भी ट्वीट कर दुख जताया।

आमिर खान, संजय दत्त, सुष्मिता सेन समेत कई दिग्गजों ने शशि कपूर के निधन पर शोक जताया 

 

शशि फिल्म जगत में कपूर खानदान की नींव रखने वाले दिवंगत अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे। उनसे बड़े राज कपूर और शम्मी कपूर थे। 2012 में शशि के मोतियाबिंद की सर्जरी हुई थी। 

एंग्लो-इंडियन थियेटर कलाकार जेनिफर किंडेल से शादी करने वाले शशि के तीन बच्चे-कुनाल, करन और संजना कपूर हैं। 

1938 में जन्में शशि बॉलीवुड के पितामाह पृथ्वीराज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे। इंडस्ट्री में फिल्म 'अवारा' से बतौर चाइल्ड कलाकार कदम रखा था।

1961 में फिल्म 'धर्मपुत्रा' से उन्होंने लीड एक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरूआत की थी। शशि कपूर ने करीब 170 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। उन्होंने हिंदी के अलावा कई इंग्लिश फिल्मों में भी किया था। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों का निर्माण भी किया।

साल 2011 में उनको भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था। साल 2015 में उनको 2014 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनकी प्रमुख फ़िल्मों में शर्मीली़, दीवार, कभी-कभी और जब जब फूल खिले शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: नहीं रहे शशि कपूर, ' मेरे पास मां है' के अलावा जानिए उनके 7 बेहतरीन डायलॉग जिसने बदल दी किस्मत