logo-image

मैरिटल रेप के खिलाफ आवाज उठाएं महिलाएं: कैटरीना कैफ

बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने महिलाओं को मैरिटल रेप के खिलाफ आवाज़ उठाने की सलाह दी।

Updated on: 07 Dec 2016, 12:17 PM

मुंबई:

बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने महिलाओं को मैरिटल रेप के खिलाफ आवाज़ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुपचाप अत्याचार सहने की बजाए मैरिटल रेप और अन्य अपराधों को रोकने के लिए आवाज़ उठाना चाहिए। कैट ने यह बातें संयुक्त राष्ट्र महिला शाखा के वी यूनाइट सम्मेलन में कही।

कैटरीना ने कहा कि शिक्षित महिलाएं भी समाज के पुराने रीति-रिवाज के बोझ तले दब जाती हैं। अपने खिलाफ हो रहे अपराधों को अनदेखा कर देती हैं, लेकिन यहां पर उन्हें साहस दिखाना होगा। उन्होंने कहा, 'मैं कई शिक्षित महिलाओं के बारे में जानती हूं, जो खुद पर हिंसा होने देती हैं, क्योंकि वो समाज के डर से चुप हो जाती हैं। आज भी ज्यादातर लोग मैरिटल रेप को अपराध नहीं मानते हैं।'

कैट ने लैंगिग भेदभाव पर दुख ज़ाहिर करते हुए कहा कि यह ऐसे देश में हो रहा है, जहां महिलाएं राष्ट्राध्यक्ष रह चुकी हैं। यूनाइटेड किंगडम से पहले भारत में एक महिला राष्ट्राध्यक्ष रह चुकी हैं, जबकि यूएसए में अब तक ऐसा नहीं हो पाया है। ऐसे में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार की ख़बर सुनकर दुख होता है।

कैटरीना ने आगे कहा कि रोजाना महिलाओं के साथ हिंसा की खबरें सुनने को मिलती हैं। हैरानी की बात यह है कि भारत में इन मामलों की रिपोर्ट भी नहीं लिखी जाती है।