logo-image

बिहार: जहानाबाद नाबालिग छेड़छाड़ वीडियो मामले में चार गिफ्तार, जांच के लिए एसआईटी गठित

बिहार के जहानाबाद में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उस घटना में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया है।

Updated on: 30 Apr 2018, 12:36 PM

highlights

  • जहानाबाद के भरथुआ में काको थाना क्षेत्र की घटना
  • वीडियो में सभी लड़के लड़की की कपड़े उतारने की कोशिश कर रहे हैं
  • घटना की जांच के लिए दो एसआईटी भी गठित की गई है

जहानाबाद:

बिहार के जहानाबाद में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उस घटना में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

बीते शनिवार को ही नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज कर लिया था। इस घटना की जांच के लिए दो विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गठित की गई है।

जोनल आईजी एन एच खान ने कहा 'पुलिस ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। घटना में मिली बाइक से पुलिस ने मालिक के पास पहुंची है। पुलिस ने घटना में शामिल दो युवक और दो लोगों को वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।'

यह घटना जहानाबाद के भरथुआ में काको थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में एक साथ 6-7 युवक लड़की को पकड़कर उसके कपड़े उतारने की कोशिश कर रहे हैं उसके साथ रेप की कोशिश कर रहे हैं।

लड़की खुद को बचाने का पूरा प्रयास कर रही है लेकिन सभी लड़के उसके कपड़ों को फाड़ रहे हैं और उसे पीटते भी दिख रहे हैं। वीडियो में कई लड़के भी नाबालिग ही दिख रहे हैं।

इस वीडियो के बारे में जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष ने रविवार को कहा था, 'लोगों के एक समूह के द्वारा एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ का दो वीडियो क्लिप सामने आया है। हमने मामले की जांच शुरू कर दी है। हम पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना कहां की है।'

छेड़छाड़ की घटना पर बयानबाजी शुरू

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'निशब्द हूं! नीतीश कुमार के भाजपाई रामराज में 8-10 दरिंदे एक नादान 13-14 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहे है। वीडियो देखकर कांप गया। क्या हो गया है समाज को? बलात्कारियों को सत्ताधारियों द्वारा भारत माता और तिरंगे की आड़ में जब नैतिक समर्थन मिलेगा तो समाज ऐसे ही बर्बाद होगा।'

वायरल वीडियो पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

उन्होंने कहा, 'वीडियो में दिख रहे सभी आरोपित नाबालिग लग रहे हैं। ऐसे में जुवेनाइल एक्ट के तहत सभी आरोपितों पर कार्रवाई की जायेगी। ऐसी समाजिक विकृति को राजनीति के एजेंडे पर नहीं चढ़ाना चाहिए।'

और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: रेप के आरोप के बाद CRPF ने तीन जवानों को किया सस्पेंड