.

हमले के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा, कांग्रेस मेरे खून की प्यासी हो गई है, मध्य प्रदेश में ऐसा कभी नहीं हुआ

शिवराज सिंह चौहान ने इस हमले के लिए सीधे कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस मेरे खून की प्यासी हो गई है। मध्य प्रदेश की राजनीति में यह कभी नहीं हुआ था।

News Nation Bureau
| Edited By :
03 Sep 2018, 04:31:49 PM (IST)

भोपाल:

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 'जन आशीर्वाद यात्रा' निकाल रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रथ पर रविवार देर रात हुए पथराव के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। शिवराज सिंह चौहान ने इस हमले के लिए सीधे कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस मेरे खून की प्यासी हो गई है। मध्य प्रदेश की राजनीति में यह कभी नहीं हुआ था। विचारों का संघर्ष चलता था, अलग-अलग पार्टियां अपने-अपने कार्यक्रम करती थीं लेकिन कभी यह नहीं हुआ।' शिवराज के रथ पर पथराव सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र में हुआ था।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राज्य में कांग्रेस प्रभारी कमल नाथ से पूछना चाहता हूं कि वे कांग्रेस को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? क्या यह सही है जो उनके नेता और कार्यकर्ता कर रहे हैं?'

चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा रविवार रात को सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यहां से विधायक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इसे सीधे तौर पर कांग्रेस की साजिश बता रही है।

बीजेपी के मीडिया विभाग के प्रमुख लोकेंद्र पाराशर का दावा है कि यह पथराव कांग्रेस ने कराया है। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वयं कहा कि छुपकर पत्थर फेंकने वाले अजय सिंह के समर्थकों में अगर हिम्मत है तो सामने आकर मुकाबला करें।

और पढ़ें : जन आशीर्वाद यात्रा : शिवराज को क्या कहकर बुलाती हैं उनकी पत्नी साधना चौहान, मुस्कुराकर दिया यह जवाब

वहीं, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का कहना है कि चुरहट और कांग्रेस के लोगों की यह संस्कृति नहीं है कि वे विरोधी पर किसी भी तरह की उग्रता पर उतरें। यह घटना निंदनीय है। साथ ही उन्हें आशंका है कि यह जान-बूझकर रची गई साजिश है। उन्होंने कहा कि चुरहट की जनता व मुझे (अजय) बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है।

और पढ़ें : जन आशीर्वाद यात्रा : शिवराज ने किया खुलासा, MP के लोग क्यों उन्हें कहते हैं मामा

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरे राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा में मुख्यमंत्री राज्य के लोगों को फिर से बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) को राज्य में सरकार में लाने की अपील कर रहे हैं। राज्य में इसी साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। सीएम की इस यात्रा की सबसे खास बात यह है कि इसमें शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान भी उनका साथ दे रही है।

देश की अन्य ताज़ा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें... https://www.newsnationtv.com/india-news