logo-image

PM बनने से पहले और बाद में, पाकिस्तान पर नरेंद्र मोदी के कितने बदले सुर

पाकिस्तान के मामले में हमेशा चुप रहने वाले मोदी ने भी उसे खूब खरी-खोटी सुनाई। पहली बार उन्होंने सार्वजनिक मंच से पाक पर निशाना साधा।

Updated on: 29 Sep 2016, 09:27 PM

नई दिल्ली:

उरी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। पहली बार सेना ने LoC पार कर पाक के कब्जे वाले कश्मीर में घुसकर आतंकियों को मार गिराया। इस सर्जिकल स्ट्राइक की पूरे देश में तारीफ की जा रही है। पाकिस्तान के मामले में हमेशा चुप रहने वाले मोदी ने भी उसे खूब खरी-खोटी सुनाई। पहली बार उन्होंने सार्वजनिक मंच से पाक पर निशाना साधा, लेकिन हम आपको बताने जा रहे हैं कि देश का प्रधानमंत्री बनने से पहले और बाद में नरेंद्र मोदी ने अब तक पाकिस्तान पर कितने तेवर बदले।

प्रधानमंत्री बनने से पहले पाकिस्तान को लेकर क्या कहते थे मोदी?

1. पाकिस्तान कुछ भी बोल सकता है, वो झूठ बोलने में माहिर है।
2. आतंकवाद पर पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब देना पड़ेगा।
3. हिंदुस्तान में आतंक के खिलाफ कठोर से कठोर कानून होना चाहिए।
4. हिंदुस्तान में जब तक हम कठोर कानून नहीं बनाएंगे, आतंकवाद को रोकने में सफल नहीं होंगे।
5. हम पाकिस्तान के कारनामों को जानते हैं। दुश्मन देशों की हर बात की खबर रखते हैं।
6. 26/11 की घटना पर पाक को उसकी भाषा में जवाब देना चाहिए और भारत को लव लेटर लिखना बंद कर देना चाहिए।
7. पाकिस्तान हमको मार कर चला गया और हमारे मंत्री अमेरिका में ओबामा से रोने लगे, ये गलत है, पाकिस्तान जाओ और उन्हें उनकी भाषा में समझाओ।

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने पाक को लेकर कैसे बदले सुर?

पाकिस्तान के मामले में हमेशा चुप रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उरी में हुए आतंकी हमले के बाद तल्ख तेवर दिखाएं। उन्होंने केरल के कोझिकोड में सार्वजनिक मंच से पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। 

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत कभी भी कमजोर नहीं था। अगर वो ऐसा सोचता है तो गलत है। अब भारत पाकिस्तान को अलग-थलग करके रहेगा।

2. भारत अपने 18 जवानों की शहादत को नहीं भूलेगा। उनका बलिदान खाली नहीं जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि 'आतंकवादी कान खोलकर सुन लें, हम उरी को नहीं भूलेंगे।

3. एक देश खून-खराबा करने पर लगा हुआ है। पाकिस्तान आतंकवाद को एक्सपोर्ट कर रहा है। हर आतंकी घटना में पाकिस्तान का नाम सामने आता है। दिल्ली में बैठी सरकार 1000 साल तक लड़ने को तैयार है।

4. पाकिस्तान के नेता आतंकियों के खिलाफ लिखे हुए भाषणों को पढ़ते हैं। भारत कभी भी आतंकवाद के सामने झुका नहीं है और न ही झुकेगा।

5. पीओके और बांग्लादेश कभी पाकिस्तान के पास थे, इन्हें वो संभाल नहीं सका। बलूचिस्तान और गिलगिट को भी संभाल नहीं पा रहे हैं और कश्मीर को लेने की बात करते हैं।

6. दोनों देश साथ में आजाद हुए। इसके बावजूद ऐसा क्या कारण है कि हिंदुस्तान सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट करता है और पाकिस्तान आतंकवाद को एक्सपोर्ट करता है।

7. हम पाकिस्तान को दुनिया में अलग रहने पर मजबूर कर देंगे। वहां की जनता खुद आतंकवाद के खिलाफ लड़ने को तैयार है।

8. जनता को गुमराह करने के लिए पाकिस्तान हजारों साल से लड़ने की बात कह रही है।

9. भारत पाकिस्तान की ये चुनौती स्वीकार करता है। हम लड़ने को तैयार हैं। हम गरीबी से लड़ने को तैयार हैं। अगर किसी की हिम्मत है तो वो सामने आए।