logo-image

ठाणे पुलिस ने 9 किलो डिप्लीटेड यूरेनियम के साथ किया दो लोगों को गिरफ्तार

ठाणे पुलिस ने दो लोगों को 8.86 किलोग्राम डिप्लीटेड यूरेनियम के साथ गिरफ्तार किया है। बाजा़र में इसकी कीमत 24 करोड़ है।

Updated on: 21 Dec 2016, 09:21 PM

नई दिल्ली:

ठाणे पुलिस ने दो लोगों को 8.86 किलोग्राम डिप्लीटेड यूरेनियम के साथ गिरफ्तार किया है। बाजा़र में इसकी कीमत 24 करोड़ है। पुलिस ने बताया कि इस यूरेनियम को विदेश से लाया गया था जिसे भारत में बेचने की योजना थी।

मिली जानकारी के आधार पर ठाणे के चेन स्नैचिंग रोधी क्राइम ब्रांच ने घोड़बंदर रोड स्थित होटल के पास जाल बिछाया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो लोग रेडियोएक्टिव पदार्थ बेचने आ रहे हैं।

पुलिस ने दो लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों ने एक नीले रंग के हैंड बैग में यूरेनियम के दो ब्लॉक रखा था। इस बैग में एक लैब रिपोर्ट भी थी जिसमें इसके यूरेनियम होने की पुष्टि की गई थी।
यूरेनिय को खुले बाज़ार में बेचे जाने पर रोक है, क्योंकि इसका इस्तेमाल परमाणु ऊर्जा प्लांट में किया जाता है।

पुलिस ने बताया, "हमने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसे खुले बाज़ार में बेचने पर प्रतिबंध है। हमें इसकी सही कीमत का पता नहीं लेकिन एक अंदाज़े से इसकी कीमत 24 करोड़ के आस-पास होगी।"

पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा, "हम एटॉमिक एनर्जी ऐक्ट-1962 के तहत मामला दर्ज़ कर रहे हैं और इसे जांच के लिये भी भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही हम जांच आगे बढ़ाएंगे। हमारी कोशिश इसके तह तक जाने की होगी।"