logo-image

सीरिया में जारी है बमबारी की बीच पढ़ें 7 साल की बाना का संदेश

आंतरिक युद्ध झेल रहे सीरिया के एलेप्पो शहर पर विद्रोहियों का कब्जा है। जिसका शिकार वहां के मासूम लोग हो रहे हैं।

Updated on: 29 Nov 2016, 03:22 PM

नई दिल्ली:

आंतरिक युद्ध झेल रहे सीरिया के एलेप्पो शहर पर विद्रोहियों का कब्जा है। जिसका शिकार वहां के मासूम लोग हो रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सीरियाई सरकार की बमबारी का जुल्म भी इन्हें ही झेलना पड़ता है।इस शहर के लोगों की परेशानियों के बारे में बताने के लिए वहां की बाना अलबाबेद ट्विटर का सहारा ले रहीं है। 7 साल की बाना अपनी मां फातिमा की मदद से ट्वीट करती हैं। दोनों मां बेटी एक ही ट्वीट अकाउंट से एलेप्पों के हालातों के वीडियो और फोटो शेयर करती है।

बाना के करीब 1.4 लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं। 27 नंवबर को फातिमा ने अपने ट्वीट को आखिरी संदेश बताते हुए लिखा, 'अभी हमपर भारी बमबारी हो रही है। हम और जिंदा नहीं रह पाएंगे। जब हमारी मौत हो, तो उन 2 लाख लोगों के बारे में बात करते रहिएगा जो अब भी यहां फंसे हुए हैं। विदा- फातिमा।'

थोड़े समय बाद एक अन्य ट्वीट में बाना ने लिखा,'आज की रात हमारे पर कोई घर नहीं है। हमारे घर पर बम गिराया गया और वह नष्ट हो गया, अब सिर्फ मलबा बच गया है। मैंने लोगों को मरते देखा और मैं भी तकरीबन मर गयी थी।'

रॉयटर्स की एक खबर के मुताबिक, बमबारी में अपना घर खो देने के बाद फातिमा और उनका परिवार फिलहाल अपने पड़ोसी के साथ रह रहा है, लेकिन वे अपने लिए एक दूसरे घर की तलाश भी कर रहे हैं।