logo-image

पंजाब के पानी पर सिर्फ उनके लोगों का अधिकार, दूसरे राज्य को नहीं मिलेगा एक बूंद पानी: बादल

शिरोमणि अकाली दल कुर्बानी देकर भी राज्य के जल संरक्षण के लिए हमेशा तैयार है क्योंकि यह पंजाब की जीवनरेखा है।

Updated on: 27 Dec 2016, 11:24 PM

नई दिल्ली:

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि पंजाब के पास एक बूंद भी पानी की ज्यादा नहीं है और न ही पानी किसी को दिया जाएगा, जिसके लिए सतलुज यमुना लिंक नहर के निर्माण की कोई जरुरत नहीं है और न ही भविष्य में इस नहर के निर्माण के लिए आज्ञा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नदी जल से जुड़े वैश्विक सिद्धांत के मुताबिक पंजाब का इसकी नदियों पर मालिकाना हक है। इस पर किसी दूसरे राज्य का अधिकार नहीं है।

बुचो मंडी विधानसभा क्षेत्र में संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि नदी जल राज्य का एकमात्र प्राकृतिक संसाधन है और इसे किसी दूसरे राज्य के साथ साझा करने का सवाल ही नहीं है। क्योंकि पंजाब के पास उतना ही जल है जितने की ज़रूरत है। इस परिस्थिति में एक बूंद भी पानी देना मुश्किल है। बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कुर्बानी देकर भी राज्य के जल संरक्षण के लिए हमेशा तैयार है क्योंकि यह पंजाब की जीवनरेखा है।

उन्होंने कहा कि सतलुज यमुना लिंक नहर की कोई जरूरत नहीं है और कहा कि किसी भी कीमत पर इसके निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए वरिष्ठ अकाली नेता ने आरोप लगाया कि दोनों मिलीभगत कर पंजाबियों को पानी के हर बूंद से वंचित करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि इस को रोकने के लिए जो भी उनके अधिकार क्षेत्र में था उन्होंने कानूनी दायरे में रहते हुए राज्य के हित्त की रक्षा के लिए किया।