logo-image

नाभा जेल ब्रेक कांडः केएलएफ का आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू दिल्ली से गिरफ्तार

पंजाब के नाभा जेल ब्रेक मामले में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Updated on: 28 Nov 2016, 01:41 PM

नई दिल्ली:

पंजाब के नाभा जेल ब्रेक मामले में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। हरमिंदर खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) का आतंकवादी है। मिंटू रविवार को पंजाब के नाभा जेल से जेल ब्रेक कर पांच साथियों के साथ भागने में सफल हो गया था।

गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, 'गृह मंत्रालय को जो करना है वो कर रहा है। मंत्रालय इस मामले पर नजर बनाए हुए है।' 

दिल्ली पुलिस, पंजाब पुलिस और एसटीएफ की टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर हरमिंदर को 24 घंटे के भीतर दिल्ली के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। इस समय उसे दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में रखा गया है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के शामली से पुलिस ने परमिंदर उर्फ पैदा को गिरफ्तार किया था। इस पर जेल से सभी अपराधियों को भगाने का आरोप है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी जावीद अहमद ने ट्वीट कर सफलता की जानकारी दी। उन्होंने शामली पुलिस की तारीफ भी की है।

गौरतलब है कि पंजाब में करीब 10 बंदूकधारियों ने रविवार तड़के नाभा जेल पर हमला कर आतंकी संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू और पांच अन्य अपराधियों को भगा ले गए।

कौन है हरमिंदर सिंह मिंटू

खालिस्तान लिबरेशन फोर्स चीफ हरमिंदर सिंह मिंटू को पंजाब पुलिस ने 2014 में दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। बब्बर खालसा इंटरनेशनल से अलग होकर मिंटू ने 2009 में खालिस्तान लिबरेशन फोर्स का गठन किया था। वह पाकिस्तान की खूंखार खुफिया एजेंसी आईएसआई के कमांडर के साथ ट्रेनिंग ले चुका है।

इसे भी पढ़ेंः पंजाब जेल ब्रेक कांड में यूपी के शामली से हुई पहली गिरफ्तारी

मिंटू पर करीब 10 आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप है। 2008 में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह पर हमला करने का आरोप लगा। पंजाब में तीन शिवसेना नेताओं की हत्या का मामला भी हरमिंदर सिंह मिंटू पर चल रहा है। 2010 में मिंटू ने लुधियाना के हलवारा एयर फोर्स स्टेशन पर आईईडी प्लांट किया था।