logo-image

हैप्पी बर्थ डे: शेखर कपूर जिसने बॉलीवुड को दिया मोगैम्बो जैसा विलेन

उम्र के 70 वें पड़ाव पर पहुंच चुके बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्माता और निर्देशक शेखर कपूर का आज जन्मदिन है।

Updated on: 06 Dec 2016, 01:56 PM

नई दिल्ली:

उम्र के 70 वें पड़ाव पर पहुंच चुके बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्माता और निर्देशक शेखर कपूर का आज जन्मदिन है। शेखर कपूर को यथार्थपरक फिल्में बनाने के लिए जाना जाता है। वह ऐसे निर्देशकों में शुमार हैं, जिन्होंने न सिर्फ बॉलीवुड में, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी खास पहचान बनाई है।

शेखर कपूर को 'एलिजाबेथ : द गोल्डन ऐज', 'बैंडिट क्वीन', 'मिस्टर इंडिया', 'द फोर फीदर्स', 'मासूम', 'टूटे खिलौने', 'इश्क-इश्क' और 'बिंदिया चमकेगी' जैसी हिट फिल्मों के लिए जाना जाता है।

शेखर कपूर का जन्म 6 दिसंबर, 1945 को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लाहौर में हुआ था। उनके पिता का नाम कुलभूषण कपूर था, जो ब्रिटिश काल में चिकित्सक थे। उनकी मां का नाम शीलाकांता कपूर था।

शेखर मनोरंजन-जगत के मशहूर अभिनेता देवानंद के भांजे हैं। उनकी तीन बहनें हैं, जिनके नाम नीलू, अरुणा और सोहना कपूर है।

फिल्म-जगत में कदम रखने से पहले वह लंदन में चार्टर्ड अकाउंटेंट भी रह चुके हैं। शेखर कपूर की पहली शादी मेधा जलोटा से हुई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से दोनों के बीच अलगाव हो गया। मेधा की मौत न्यू जर्सी में हुई थी। उनकी दूसरी शादी सुचित्रा कृष्णमूर्ति के साथ हुई। उनकी एक बेटी भी है, जिसका नाम कावेरी कपूर है।


उन्होंने वर्ष 1975 में फिल्म 'जान हाजिर हो' से हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्में बनाईं।

शेखर कपूर ने ही साइंस-फिक्शन फिल्म 'मिस्टर इंडिया' का निर्देशन किया था। इस फिल्म में अभिनेता अनिल कपूर और श्रीदेवी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई दिए थे। इसमें अमरीश पुरी खलनायक 'मोगैम्बो' बने थे, जिसके बाद वह दर्शकों के बीच इसी नाम से मशहूर हो गए।

शेखर कपूर अब यशराज के बैनर तले 'पानी' का निर्देशन शुरू करने वाले हैं। इस फिल्म के लिए सुशांत सिंह राजपूत का चयन किया गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म 'पानी' में इसकी कमी से मची तबाही को दर्शकों के सामने परोसा जाएगा।

यह फिल्म भविष्य की दुनिया पर आधारित होगी, जहां पानी पर अंतर्राष्ट्रीय निगमों का कब्जा हो गया है। इस फिल्म का संगीत ए.आर.रहमान तैयार करेंगे।