logo-image

सर्जिकल स्ट्राइक: राहुल गांधी ने पीएम पर किया हमला, कहा- 'जवानों के खून की दलाली कर रहे हैं मोदी'

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पीएम मोदी पर समाज को बांटने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी ने एक हिंदुस्तानी को दूसरे से लड़ाने और बांटने का काम किया है।

Updated on: 06 Oct 2016, 09:08 PM

दिल्ली:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जवानों के खून की दलाली कर रहे हैं। बता दें कि गुरुवार को राहुल गांधी की किसान यात्री का आखिरी दिन है।

राहुल गांधी ने कहा, "जो हमारे जवान हैं, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में अपना खून दिया..जिन्होंने हिंदुस्तान के लिए सर्जिकल स्ट्राइक किया है, उनके खून के पीछे आप (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) छिपे हुए हैं, उनकी आप दलाली कर रहे हो...ये बिल्कुल गलत है। हिंदुस्तान की सेना ने अपना काम किया है, आप अपना काम कीजिए।"

देखें वीडियो:

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पीएम मोदी पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "आपने (मोदी) ने दो चीजें जरूर की हैं, एक हिंदुस्तानी को दूसरे से लड़ाने और बांटने का काम किया है।"

राहुल गांधी ने पीएम पर आरोप लगाते हुए कहा, "उनके सभी वादे झूठे हैं। ये देश मोदी जी से इंसाफ चाहता है और ये उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी के अकाउंट में पैसे देने की बात कही थी, लेकिन अभी तक किसी के भी अकाउंट में एक पैसा नहीं आया है।

बता दें कि एक दिन पहले कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने सर्जिकल स्ट्राइक के वीडियो सबूत के तौर पर पेश करने की मांग की थी। इसके बाद उनकी कड़ी आलोचना हुई थी। वहीं, अब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पीएम पर हमला किया है। 18 सितंबर को उरी में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए PoK में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इसमें कई आतंकी मारे गए थे।