logo-image

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल बोले, बीजेपी ने गोवा और मणिपुर में धनबल से बनाई सरकार

राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस को जीत मिलने पर वहां के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया।

Updated on: 16 Mar 2017, 04:45 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर पैसे के बल पर सरकार बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने पैसे के दम पर देश के तटीय राज्य गोवा तथा पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर में सरकारें बनाईं और कांग्रेस से यह मौका छीन लिया।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस सामारोह में हिस्सा लेने के बाद राहुल गांधी ने यह टिप्पणी की।

कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय में आया है, जबकि गोवा में मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व वाली भाजपा नीत गठबंधन सरकार ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में हुए शक्ति परीक्षण में जीत हासिल कर ली।

साथ ही राहुल गांधी ने पंजाब में कांग्रेस को जीत मिलने पर वहां के लोगों का भी शुक्रिया अदा किया।


गोवा में पर्रिकर सरकार के पक्ष में जहां 22 वोट पड़े, वहीं विपक्ष में 16 वोट ही पड़े।