logo-image

मणिपुर के उखरुल जिले में उग्रवादी हमला, 1 जवान शहीद, 3 घायल

हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है, लेकिन सूत्रों ने आशंका जताई कि हमलावर उग्रवादी संभवत: सीमा पार कर अपने शिविरों में भाग गए हैं।

Updated on: 30 Jun 2017, 02:45 PM

नई दिल्ली:

म्यांमार की सीमा से लगे मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को उग्रवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें असम राइफल्स के एक जवान शहीद हो गए और तीन अन्य घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक, हमला तड़के चार बजे के आसपास शंगशाद इलाके में हुआ। इस दौरान कोई हथियार नहीं छीना गया।

हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है, लेकिन सूत्रों ने आशंका जताई कि हमलावर उग्रवादी संभवत: सीमा पार कर अपने शिविरों में भाग गए हैं।

बता दें कि 15 जून को भी उखरुल जिले में आतंकवादी हमले के दौरान असम राइफल्स का एक जवान शहीद हो गया था। जबकि अन्य 4 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हमला उस वक्त हुआ जब असम राइफल्स के जवान गश्त पर थे। जब वे हुंडुंग के निकट कासोम चौकी स्थित अपने शिविर पर लौट रहे थे तब रास्ते में उनके वाहन को बम से उड़ा दिया गया।

बम से उड़ाने की घटना में रिमोट संचालित बम का इस्तेमाल किया गया था। हमले में 5 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। जवानों को तुरंत ही विमान से इंफाल के निकट लेमाखोंग अस्पताल ले जाया गया। यहां पर एक घायल जवान ने दम तोड़ दिया।

मोस्ट वांटेड नागा उग्रवादी संगठन प्रमुख खापलांग का निधन