logo-image

नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों को सराहा, मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धाजंलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों की सराहना की और लोगों से खेल और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

Updated on: 29 Aug 2018, 03:06 PM

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों की सराहना की और लोगों से खेल और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। मोदी ने हॉकी के दिग्गज ध्यान चंद को भी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

मोदी ने अपने श्रृखंलाबद्ध ट्वीट में कहा, 'राष्ट्रीय खेल दिवस पर सभी खेल प्रेमियों को बधाई। हॉकी के असाधारण खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद जी को श्रद्धांजलि। मैं लोगों से खेल व फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आग्रह करता हूं, जो एक स्वस्थ भारत की ओर योगदान देगा।'

उन्होंने कहा, 'मैं उन सभी को सलाम करता हूं जिन्होंने विभिन्न खेल आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी कड़ी मेहनत और संकल्प से कई उपलब्धियां दी हैं। यह साल हमारे खेल बिरादरी के लिए बहुत अच्छा रहा है, भारतीय एथलीट एशियाई खेल 2018 और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न टुर्नामेंटों में अग्रणी रहे हैं।'

मेजर ध्यानचंद का आज 113वां जन्मदिन

'हॉकी के जादूगर' के नाम से पूरी दुनिया में प्रसिद्द और पू्र्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी एंव कप्तान मेजर ध्यानचंद का आज 113वां जन्मदिन है। मेजर ध्यानचंद तीन बार ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारतीय टीम के खिलाड़ी रहे हैं। मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन को भारत में 'राष्ट्रीय खेल दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था। ध्यानचंद के हॉकी स्टिक से गेंद इस कदर चिपकी रहती थी कि विरोधी खिलाड़ी को अक्सर ऐसा लगता था कि वह जादुई स्टिक से खेल रहे हैं। यहीं नहीं हॉलैंड में एक बार तो उनकी हॉकी स्टिक में चुंबक होने की आशंका में उनकी स्टिक तोड़ कर देखी गई थी।