logo-image

आसमान से बरस रही आफत, देश के कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी

देश के कई हिस्सों में बारिश ने कहर मचाया हुआ है। कई दिनों से हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, केरल और मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है।

Updated on: 13 Aug 2018, 02:45 PM

नई दिल्ली:

देश के कई हिस्सों में बारिश ने कहर मचाया हुआ है। कई दिनों से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, केरल और मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है। कई जगह लोग जलजमाव से त्राहिमाम कर रहे हैं तो कई जगह बाढ़ की स्थिति पैदा होने से लोग पलायन को मजबूर हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने केरल, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत 16 राज्यों में अगले दो दिनों में भारी बारिश होने की आशंका ज़ाहिर की है। साथ ही चेतावनी में कहा गया है कि पश्चिम मध्य अरब सागर में समुद्रीय स्थितियां खराब से बेहद खराब होने के आसार हैं। मछुआरों को इस क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में बरस रही आफत

हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ-मनाली नेशनल हाईवे 3 पर लैंडस्लाइड होने से लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। रास्ते को साफ करने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं शिमला में हो रही भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद के वहां सोमवार को सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। 

केरल में अभी भी खतरा

केरल की बात करें तो बीते कुछ दिनों में बारिश में कमी होने से इडुक्की डैम का पानी कम हुआ था। पर सोमवार को आए आकंड़ों से पता चलता है कि डैम में एक बार फिर जलस्तर बढ़ रहा है। आस-पास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। वहीं केरल में बाढ़ से मरने वालों का संख्या 39 हो गई है। रविवार को राजनाथ सिंह केरल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दौरे के लिए गए थे। दौरे के बाद उन्होंने कहा था कि, केरल में परिस्थितियां बेहद खराब हैं। उन्होंने राज्य में राहत और बचाव कार्य के लिए अतिरिक्त 100 करोड़ के पैकेज की भी घोषणा की है। 

उत्तराखंड में भी स्थितियां समान्य नहीं

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद जगह-जगह जल जमाव हो गया है। मौसम विभाग ने लोगों को अधिक सावधानी को कहा है। साथ ही जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकले की सलाह दी है। वहीं लांबगढ़ के पास बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर टूट-फूट होने से एहतियातन उसे बंद कर दिया गया है। भारी बारिश की वजह से अबतक कई घर गिर गए हैं, सेब के बागन बह गए हैं। लोगों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

बिहार में हो रही है भारी बारिश

बिहार के अमूमन हर हिस्से में पिछले तीन दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। हालांकि कुछ जगहों पर मौसम सुहावाना हुआ है, लेकिन कुछ जगहों पर नदियां उफान पर हैं। 

और पढ़ें- दिल्ली में छाए बादल, बारिश के आसार

इसके अलावा मध्यप्रदेश, दिल्ली, मुंबई में भी बारिश हो रही है। वहीं छत्तीसगढ़ के धमतरी में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई है। जिसकी वजह से नदी और नालों का जलस्तर बढ़ गया है।