logo-image

अमेरिका के ट्रंप प्रशासन के खिलाफ भारत सख्त, 271 अवैध अप्रवासियों की जानकारी मांगी

अमेरिका उन 271 भारतीय लोगों को देश से निकालना चाहता है जो वहां अवैध रूप से रह रहे हैं। वहीं भारत ने सभी 271 अवैध अप्रवासियों की जानकारी मांगी है।

Updated on: 25 Mar 2017, 11:14 AM

highlights

  • अमेरिका ने भारत को सौंपी 271 अवैध अप्रावासियों की लिस्ट
  • भारत ने अमेरिका से सभी भारतीयों की जानकारी मांगी
  • विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, हमने केस की विस्तृत जानकारी मांगी है

नई दिल्ली:

अमेरिका उन 271 भारतीय लोगों को देश से निकालना चाहता है जो वहां अवैध रूप से रह रहे हैं। वहीं भारत ने सभी 271 अवैध अप्रवासियों की जानकारी मांगी है। पिछले दिनों अमेरिका ने अवैध अप्रवासियों की लिस्ट भारत को सौंपी थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा, 'यह एक प्रक्रिया है। अमेरिका के अधिकारियों ने अप्रवासियों से जुड़े 271 केस बताए थे। पर उन्होंने इस बारे में अप्रवासियों से जुड़ी जानकारी नहीं दी थी। अब हमने उनसे कहा है कि वे हर केस की विस्तृत जानकारी दें, जिससे भारत उचित कदम उठा सके।'

गुरुवार को अवैध प्रवासियों के बारे में विदेश मंत्री सुषमा ने राज्यसभा में कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों ने 271 लोगों की सूची दी है, जिन्हें उन्होंने निर्वासित करने के लिए चिन्हित किया है।

उन्होंने कहा, 'हमने इन 271 लोगों के बारे में ज्यादा जानकारियां देने को कहा है। एक बार हम उनके बारे में जांच कर लेंगे और उनके वास्तव में भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद हम उनको भारत वापस लौटने का यात्रा वीजा प्रदान करेंगे जिससे कि अमेरिकी अधिकारी उन्हें जेल में नहीं डालें।'

और पढ़ें: सुषमा स्वराज ने कहा, अमेरिका के एच1बी वीजा पर अभी चिंता करने की जरूरत नहीं