logo-image

रिलायंस ने AAP नेता संजय सिंह पर ठोका 5 हजार करोड़ की मानहानि का दावा

आप नेता संजय सिंह को रिलायंस समूह ने 5,000 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है।

Updated on: 16 Feb 2018, 11:57 PM

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को रिलायंस समूह ने 'गलत, विकृत और दुर्भावनापूर्ण' आरोप लगाने का हवाला देकर 5,000 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है।

रिलायंस ग्रुप आफ कंपनीज से भेजा गया नोटिस सिंह के 13 फरवरी की प्रेस वार्ता के संदर्भ में हैं, जिसमें उन्होंने सरकार द्वारा फ्रांस की सरकार से 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के बारे में 'मुद्दों' को उठाया था।

रिलायंस समूह ने आरोप लगाया गया है कि प्रेस वार्ता में सिंह के दिए समूह के बारे में दिए गए बयान 'अपमानजनक और गंभीर मानहानि' वाले थे।

इसे भी पढ़ें: PNB घोटाला: पूर्व निदेशक का दावा, सरकार और RBI को दी थी जानकारी

कारोबारी समूह ने कहा कि बयान से 'गंभीर बदनामी हुई और उनकी प्रतिष्ठा और साख को काफी नुकसान पहुंचा।'

रिलायंस के वकीलों की ओर से  भेजे गए अवमानना नोटिस में कहा गया है, 'हमारे मुवक्किलों का नुकसान का दावा करने के अधिकार सुरक्षित हैं, जिसका वर्तमान में उन्होंने 5,000 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया है। प्रेस वार्ता ने हमारे मुवक्किलों और उनकी कंपनियों के समूह की छवि और प्रतिष्ठा को प्रभावित किया है और/या नुकसान पहुंचाया है।'

नोटिस में यह दावा किया गया है कि सिंह की ब्रीफिंग 'स्पष्ट रूप से एक प्रेरित अभियान थी.. कॉर्पोरेट प्रतिद्वंद्वियों द्वारा प्रेरित थी और रिलायंस समूह को जानबूझकर बदनाम करने के लिए की गई जिससे कंपनी के व्यावसायिक हित प्रभावित हुए हैं।'

नोटिस में कहा गया कि सार्वजनिक हितों के संरक्षक के तौर पर सिंह को 'केवल अकाट्य सबूतों पर आधारित' बयान ही देना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: आप नेता संजय सिंह ने कहा, मोदी राज में संवैधानिक संस्थाओं पर उठ रहे सवाल