logo-image

मोदी कैबिनेट में फेरबदल से पहले रूडी और बालियान ने दिया इस्तीफा, सीतारमण और उमा भारती के इस्तीफे की अटकलें

सूत्रों के अनुसार कैबिनेट फेरबदल शुक्रवार को हो सकता है। इसके तहत कई मत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है जबकि कुछ नए चेहरों को भी जगह मिल सकती है।

Updated on: 01 Sep 2017, 10:54 AM

highlights

  • राजीव प्रताप रूडी को सौंपा जा सकता है संगठन का काम
  • पीएम मोदी के चीन दौरे से पहले कैबिनेट में फेरबदल संभव, जेडीयू के दो नेताओं को मिल सकती है जगह
  • AIADMK से एम थंबीदुरई का नाम चर्चा में, गडकरी को मिल सकता है रेल मंत्रालय का प्रभार

नई दिल्ली:

नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट में फेरबदल की संभावनाओं के बीच कौशल विकास मंत्री राजीव प्रताप रूडी और संजीव बालियान ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक निर्मला सीतारमण ने भी इस्तीफा दिया है।

साथ ही कई और मंत्रियों के इस्तीफा देने और इस्तीफे की पेशकश की खबर है। वहीं, कैबिनेट में नए चेहरों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मोदी कैबिनेट में कर्नाटक से सांसद प्रह्लाद जोशी और बागपत से सांसद सत्यपाल सिंह को जगह मिल सकती है।

कैबिनेट फेरबदल शुक्रवार को हो सकता है। इसके तहत कई मत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है जबकि कुछ नए चेहरों को भी जगह मिल सकती है पीएम मोदी को ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए रविवार से चीन दौरे पर जाना है।

यह भी पढ़ें: राजीव महर्षि होंगे देश के अगले सीएजी, सुनील अरोड़ा बने चुनाव आयुक्त

बहरहाल, जिन मंत्रियों के कैबिनेट से हटाए जाने या इस्तीफे की पेशकश की बात सामने आ रही है उनमें फगन सिंह कुलस्ते, उमा भारती जैसे नाम प्रमुख हैं। गिरिराज सिंह से भी इस्तीफा लिया जा सकता है। चंपारण से सांसद कृषि मंत्री राधामोहन सिंह का भी इस्तीफा हो सकता है।

माना जा रहा कि बिहार के सारण से सांसद रूडी को बीजेपी संगठन का कामकाज सौंपा जाएगा। वहीं, उमा भारती ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफे की पेशकश की है।

इससे पहले गुरुवार सुबह बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कुछ सीनियर मंत्रियों के साथ अपने निवास पर बैठक की थी और बाद में पीएम मोदी से भी मिले थे।

सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक मोदी कैबिनेट में जेडीयू और एआईएडीएमके के चेहरों को जगह मिल सकती है।

इनमें AIADMK के एम थंबीदुरई का नाम चर्चा में है। अमित शाह ने गुरुवार को उनसे मुलाकात की थी। वहीं, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को रेल मंत्रालय का प्रभार मिल सकता है।

यह भी पढ़ें: नोटबंदी पर RBI की रिपोर्ट के बाद मोदी सरकार के लिए एक और बुरी खबर, जीडीपी में भारी गिरावट

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पसंद के जेडीयू के 2 नेताओं को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती हैं।

सूत्रों के मुताबिक अमित शाह ने कलराज मिश्र से मुलाकात की थी और वह भी इस्तीफा दे सकते हैं। कलराज मिश्र की उम्र 75 साल से ज्यादा है।

बताते चलें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे को उत्तर प्रदेश का बीजेपी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। इससे तय है कि कैबिनेट में एक और जगह खाली हो चुकी है।

इस बीच यह भी खबर है कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शुक्रवार को तिरुपति जाने का कार्यक्रम पहले से तय है। इसलिए कैबिनेट में फेरबदल के समय को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है।

तय कार्यक्रम के अनुसार कोविंद शनिवार शाम तक तिरुपति से लौटेंगे और फिर उन्हें रविवार को गुजरात को दो दिनों की यात्रा पर जाना है।

यह भी पढ़ें: राज्य सभा चुनाव से गुरमीत सिंह पर फैसले तक, तस्वीरों में अगस्त की बड़ी खबरें