logo-image

परमाणु हथियार रखने में भारत से अब भी आगे है पाक, अमेरिका और रूस के पास विश्व की 92 फीसदी हिस्सेदारी

सोमवार को वैश्विक संस्था स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) के द्वारा जारी रिपोर्ट में वैश्विक परमाणु हथियारों की संख्या में कमी आई है।

Updated on: 19 Jun 2018, 09:39 AM

highlights

  • भारत, पाकिस्तान और चीन ने अपने परमाणु हथियारों की संख्या में बढ़ोतरी की
  • अमेरिका और रूस अपने परमाणु जखीरे की लगातार कटौती कर रहा है
  • इसके बावजूद अमेरिका और रूस के पास पूरे विश्व का 92 फीसदी परमाणु हथियार है

नई दिल्ली:

दुनिया भर में चल रहे संघर्षों के बीच एशिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु ताकत वाले देश भारत, पाकिस्तान और चीन ने अपने परमाणु हथियारों की संख्या में बढ़ोतरी की है।

पाकिस्तान परमाणु हथियार रखने के मामले में भारत से अब भी आगे है। जनवरी 2018 तक पाकिस्तान के पास परमाणु हथियारों की संख्या 140-150 है वहीं भारत के पास 130-140 परमाणु हथियार हैं।

साल 2017 में भारत के पास परमाणु हथियारों की संख्या 120-130 थी तो वहीं पाकिस्तान के पास यह संख्या 130-140 थी।

परमाणु हथियार बढ़ाने के अलावा भारत और पाकिस्तान दोनों देश नई जमीनी, समुद्री और हवाई आधारित मिसाइल सिस्टम का लगातार विस्तार कर रहा है।

चीन के परमाणु हथियारों की संख्या पाकिस्तान का दोगुना है। चीन के पास 280 परमाणु हथियार हैं। साल 2017 में चीन के पास यह संख्या 270 थी।

सोमवार को वैश्विक संस्था स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) के द्वारा जारी रिपोर्ट में वैश्विक परमाणु हथियारों की संख्या में कमी आई है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह कमी अमेरिका और रूस के कारण आई है जो विश्व में परमाणु हथियारों की सबसे बड़ी साझेदारी रखता है।

बता दें कि अमेरिका और रूस के पास पूरे विश्व का 92 फीसदी परमाणु हथियार है। अमेरिका के पास परमाणु हथियारों की संख्या 6,450 है वहीं रूस के पास 6,850 है।

दुनिया के नौ देशों अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, इजरायल, और उत्तर कोरिया के पास कुल 14,465 परमाणु हथियार हैं।

जानिए किस देश के पास कितने परमाणु हथियार हैं और पिछले साल के मुकाबले कितनी वृद्धि या कमी हुई।

1. अमेरिका- 6,450 (साल 2017- 6,800)

2. रूस- 6,850 (साल 2017- 7,000)

3. ब्रिटेन- 215 (साल 2017- 215)

4. फ्रांस- 300 (साल 2017- 300)

5. चीन- 280 (साल 2017- 270)

6. भारत- 130-140 (साल 2017- 120-130)

7. पाकिस्तान- 140-150 (साल 2017- 130-140)

8. इजरायल- 80 (साल 2017- 80)

9. उत्तर कोरिया- 10-20 (साल 2017- 10-20)

बता दें कि इन परमाणु हथियारों में अमेरिका ने 1,750, रूस ने 1,600, ब्रिटेन ने 120 और फ्रांस ने 280 को ऑपरेशनल फोर्सेस के साथ बेस पर तैनात कर रखा है।

और पढ़ें: भारत हथियार खरीदने में दुनिया का सबसे बड़ा देश बना, मध्य-पूर्व एशिया में बढ़ा हथियारों का आयात