logo-image

बिहार: नीतीश कुमार ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक जताया

वाजपेयी का आज (गुरुवार) को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। वह 93 साल के थे।

Updated on: 16 Aug 2018, 10:21 PM

नई दिल्ली:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक जताया। वाजपेयी का आज (गुरुवार) को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। वह 93 साल के थे।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के रूप में देश ने सबसे बड़े राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, कवि, लेखक, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है।

अटल बिहारी वाजपेयी ने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शो की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। उन्हांेने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा वाले राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। अटल जी में सभी विचारधारा के लोगों को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी। उन्होंने अपने जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा।

और पढ़ें: अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी सभी स्टोरी और जानकारियों के लिए इस लिंक पर करें क्लिक

उनके नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ तथा विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी छवि स्थपित की। उन्होंने हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने अटल जी के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा है कि उन्हें सदैव अटल जी का स्नेह एवं मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा तथा उनसे सार्वजनिक जीवन में काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने कहा कि अटल जी के निधन से उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया है।

और पढ़ें: जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नरेंद्र मोदी को लगाया था गले और थपथपाई थी पीठ!

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा सभी को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।