logo-image

स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्र बने रहने के लिए ममता बनर्जी ने दिया ये 'मंत्र'

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि देश के लोगों और इसके संस्थानों को शब्द के वास्तविक मायने में 'स्वतंत्र' बने रहने के लिए पूरी कोशिश करनी चाहिए।

Updated on: 15 Aug 2018, 05:31 PM

नई दिल्ली:

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि देश के लोगों और इसके संस्थानों को शब्द के वास्तविक मायने में 'स्वतंत्र' बने रहने के लिए पूरी कोशिश करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तिरंगा फहराया और इंदिरा गांधी सरनी (पूर्व में रेड रोड) पर परेड की सलामी ली।

उन्होंने आधी रात में ट्वीट कर 'सभी भाइयों व बहनों को' स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'हमारे देश को गौरवशाली ऊंचाइयों तक पहुंचना चाहिए, जिसकी हमारे संविधान निर्माताओं ने कल्पना की थी।'

और पढ़ें : पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला, कहा- पुरानी रफ्तार से चलते तो कई काम पूरा करने में दशकों लग जाते, चार साल में बहुत कुछ बदला

राज्य सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ नौकरशाहों, पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र बलों के अधिकारियों व राजनयिक दल के सदस्यों ने शहर में हुए मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

पुलिस की विभिन्न शाखाओं व एनसीसी कैडेट ने परेड में भाग लिया और हेलीकॉप्टर से पुष्प पखुंड़ियों की वर्षा की गई। राज्य भर के लोक नृत्य समूहों ने विभिन्न संस्कृतियों को प्रदर्शित करते हुए अपनी प्रस्तुति दी।

पहली बार ओडिशा के पुलिसकर्मियों ने परेड में हिस्सा लिया।

कोलकाता पुलिस के नवगठित पूर्ण महिला गश्ती दल ने नीले-सफेद व गुलाबी-काले स्कूटरों पर सवारी कर परेड में पहली बार अपनी मौजूदगी को लेकर सराहना हासिल की।

तृणमूल कांग्रेस के 2011 में सत्ता में आने के बाद ममता बनर्जी ने इंदिरा गांधी सरनी में स्वतंत्रता दिवस परेड की परंपरा शुरू की।

पूरे पश्चिम बंगाल में स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास से मनाया गया।

 और पढ़ें : 72वां स्वतंत्रता दिवस: दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के शानदार 71 साल