logo-image

राहुल गांधी का कर्नाटक दौरा आज, रोड शो और जन सभाओं को करेंगे संबोधित

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आज तीसरी बार राज्य का दौरा शुरू हो रहा है। राहुल इस दौरान कई रोड शो और सभाओं को संबोधित करेंगे।

Updated on: 21 Mar 2018, 01:32 PM

नई दिल्ली:

कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस प्रेसिडेंट राहुल गांधी के दौरे की शुरुआत हो रही है। 'जनआर्शीवाद यात्रा' के तहत राहुल गांधी 20 मार्च से दो दिन के कर्नाटक दौरे रहेंगे। यह राहुल गांधी का कर्नाटक में तीसरा दौरा है। 

कांग्रेस अध्यक्ष जिन प्रमुख जगहों पर जाएंगे उनमें उडुपी, दक्षिण कन्नड़, चिकमंगलूर और हासन के इलाके शामिल हैं। जहां वह दो रोड शो औक कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा अपनी इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी गोरखनाथेश्वर मंदिर, रोसारियो चर्च, उल्लाल दरगाह, श्रृंगेरी शरदंबा मंदिर और श्रृंगेरी मठ जाएंगे। उडुपी में वह अपने पिता  के नाम पर बने राजीव गांधी राजनीतिक संस्थान का उद्घाटन भी करेंगे। 

बता दें कि उडुपी बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। सांप्रदायिक तौर पर भी यह क्षेत्र काफी संवेदनशील समझा जाता है। कर्नाटक में इस बार सत्तारुढ़ कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

बीजेपी जहां दक्षिण के इस राज्य में वापसी करने की पुरजोर कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस अपने इस आखिरी और बड़े राज्य में सत्ता बचाने की कोशिश में जुटी हुई है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में चुनाव हारने के बाद कर्नाटक चुनाव कांग्रेस के राजनीतिक वजूद के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

मंगलुरू पहुंचने के बाद राहुल गांधी कांग्रेस सेवा दल के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से उडुपी के कौप जिले में जाएंगे। इस यात्रा की शुरूआत इसी जिले से होनी है। यात्रा का समापन मंगलुरू में नेहरू मैदान में होगा। जहां राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा राहुल गांधी पदुबिदरी में जनसभा करेंगे और मुल्की से सूरतकल के बीच रोड शो करेंगे। इसके अलावा अंबेडकर सर्किल से नेहरू मैदान के बीच भी रोड शो करेंगे।

इसे भी पढ़ें: अमित शाह से मिलेंगे राजभर, मुलाकात से दूर होगी नाराजगी !