logo-image

विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे केरल के लिए आगे आया UAE , पीड़ितों की मदद का किया वादा

कुदरत की मार से जूझ रहे केरल में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। केरल 100 साल के इतिहास में सबसे विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है।

Updated on: 18 Aug 2018, 04:42 PM

नई दिल्ली:

कुदरत की मार से जूझ रहे केरल में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। केरल 100 साल के इतिहास में सबसे विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है। भारत समेत सारी दुनिया बाढ़ प्रभावित केरल की मदद के लिए आगे आ रहा है। संयुक्त अरब अमीरात के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन रशीद अल मख्तूम ने बाढ़ग्रस्त राज्य में लोगों की मदद के लिए एक कमिटी बनाई है। मोहम्मद शेख ने ट्वीट की श्रृंखला में लोगों की मदद की अपील की। खास बात ये है कि उन्होंने ये ट्वीट मलयालम और अंग्रेजी में किये।

केरल में आई बाढ़ की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'केरल के लोग UAE में हमेशा से हमारी सफलता की कहानी का हिस्सा रहे हैं और आज भी हैं। हमारे ऊपर उनकी मदद करने की जिम्मेदारी है।'

आगे ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'अरब अमीरात और भारतीय समुदाय एक साथ होकर लोगों की मदद करेंगे। हमने एक कमिटी गठित की है। हम सबसे बाढ़ से जूझ रहे केरल में लोगों की मदद के लिए अपील करते हैं।'

केरल में बाढ़ की स्थिति को भयावह बताते हुए उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'केरल इस वक़्त भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। सैंकड़ों लोगों की जान चली गई है और हजारों विस्थापित हो गए हैं। ईद से पहले भारत के हमारे भाइयों की मदद के लिए हाथ बढ़ाना न भूलें।'

 ट्वीट के जरिये उन्होंने जानकारी दी कि बाढ़ग्रस्त केरल के लिए एक कमिटी बनाई गई है जिसपर फ़ौरन काम शुरू होगा। उन्होंने लिखा, 'UAE और भारतीय समुदाय मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाएंगे।'

 केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने शस्ख का शुक्रियादा किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि शेख की मदद से पता चलता है कि वह केरल के सच्चे दोस्त हैं। उन्होंने कहा है कि केरल के लोग शेख की मदद को कभी नहीं भूलेंगे।

गौरतलब है कि UAE में लाखों भारतीय रहते है। इनमें से ज्यादा लोग केरल के रहने वाले है। केरल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या शनिवार को 324 पहुंच गई।

अलुवा, चलाकुडी, अलाप्पुझा, चेंगन्नुर और पत्तनमतिट्टा बाढ़ से ज्यादा प्रभावित है। नौ अगस्त से शुरू हुई बारिश ने लाखों लोगों को बेघर और करोड़ों रुपये की संपत्ति को तबाह कर दिया है। हालांकि शनिवार को बारिश धीमी होने से इडुक्की बांध का जलस्तर भी कम हुआ लेकिन बाढ़ द्वार खुले रहने के कारण पानी अभी भी बाहर निकल रहा है। केरल में बाढ़ से मची तबाही से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है।