logo-image

केरल बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला को हेलीकॉप्टर से किया एयरलिफ्ट, रेस्क्यू वीडियो देख थम जाएंगी सांसें

केरल में जलप्रलय कई लोगों पर कहर बनकर टूटा है। सैलाब ने कई आशियानों को तहस-नहस कर दिया है, कई जिंदगियों को उजाड़ दिया।

Updated on: 17 Aug 2018, 08:57 PM

नई दिल्ली:

केरल में जलप्रलय कई लोगों पर कहर बनकर टूटा है। सैलाब ने कई आशियानों को तहस-नहस कर दिया है, कई जिंदगियों को उजाड़ दिया। बाढ़ग्रस्त केरल के हालात बदत्तर हैं।राज्य  पिछले 100 साल के इतिहास में सबसे विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है। देश के आम लोगों से लेकर फिल्मी सितारें बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे है। केरल के अलुवा के पास बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से नौसेना द्वारा शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर के जरिए बचाई गई एक गर्भवती महिला ने सुरक्षित तरीके से एक बच्चे को जन्म दिया। टीवी चैनलों पर सजिथा जबील नामक महिला को हेलीकॉप्टर के माध्यम बचाए जाने का वीडियो दिखाया गया। महिला को हेलीकॉप्टर में बैठाने के बाद तुरंत कोच्चि नौसेना अड्डे के अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।भारी बारिश, नदियों में बाढ़ की स्थिति और भूस्खलन की घटनाओं के कारण राज्य में लगभग 300 लोग जान गंवा चुके हैं।

सड़कें दरिया में तब्दील हो चुकी है और निचले इलाकों में पानी भर जाने के कारण कई लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गए। पेरियार और इसकी सहायक नदियों में उफान से एनार्कुलम और त्रिशूर के कई कस्बे जलमग्न हो गए हैं। परावुर, कलाडी, चालाकुडी, पेरुं बवूर, मुवातुपुझा शामिल हैं।

हजारों लोग अभी भी ऊंची इमारतों पर बैठे हैं और बचाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अकेले एनार्कुलम और त्रिशूर शिविरों में 50,000 से अधिक लोग फंसे हैं। केरल में भारी बारिश और भूस्खलन के बाढ़ 17 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।