logo-image

कर्नाटक चुनाव: BJP के सत्ता में आने पर किसानों के 1 लाख रुपये तक के कर्ज माफ होंगे- राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सत्ता में आएगी तो कर्नाटक में किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज को माफ करेगी।

Updated on: 05 May 2018, 09:39 PM

highlights

  • राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक हिंसा का केरल मॉडल अपना लिया है
  • केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गायब विकास के लिए हमें एफआईआर दर्ज कराना होगा
  • कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं और नतीजे 15 मई को घोषित किए जाएंगे

बेंगलुरु:

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सत्ता में आएगी तो कर्नाटक में किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज को माफ करेगी।

राज्य में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी अपनी मेनिफेस्टो के साथ-साथ चुनावी वादों की झड़ी लगा रही है।

शनिवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के पांच सालों के कार्यकाल में 3,800 किसानों ने आत्महत्या की है।

उन्होंने कहा, 'बीजेपी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार बी एस येदियुरप्पा जब राज्य में मुख्यमंत्री तो फसल लोन शून्य ब्याज दर पर दिया जाता था। येदियुरप्पा ने राज्य में किसानों के अनुकूल सरकार चलाया था।'

राजनाथ सिंह ने कहा कि इतनी आत्महत्याओं के बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों के लिए केवल एक लाख रुपये की घोषणा की।

उन्होंने कहा, 'सिद्दे सरकार निद्दे सरकार है (सिद्दारमैया सरकार सोयी हुई सरकार है)। कर्नाटक के लोगों ने उन्हें सत्ता में लाई लेकिन इन सालों में गहरी नींद में सोयी रही।'

इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में कांग्रेस ने राजनीतिक हिंसा का केरल मॉडल अपना लिया है।

और पढ़ें: कर्नाटक चुनाव: तो अब हाथ-पैर बांध कर वोट डलवाएंगे बी एस येदियुरप्पा

उन्होंने कहा, 'पांच सालों में राज्य में कानून-व्यवस्था फेल हो चुकी है, यहां तक कि उच्च अधिकारी भी राज्य में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।'

राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य से विकास गायब हो चुका है। ऐसा लगता है कि गायब विकास के लिए हमें एफआईआर दर्ज कराना होगा।

225 विधानसभा सीट वाली कर्नाटक में 12 मई को चुनाव होने हैं और नतीजे 15 मई को घोषित किए जाएंगे।

राज्य में सत्ताधारी कांग्रेस सरकार बचाने को लेकर तैयारियों में लगी हुई है। वहीं बीजेपी कर्नाटक में सत्ता हासिल कर दक्षिण की राजनीति में अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

और पढ़ें: कर्नाटक चुनाव: पीएम मोदी ने कहा- नतीजों के बाद 'PPP' हो जाएगी कांग्रेस