logo-image

पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने बीजेपी छोड़ते ही मोदी सरकार पर बोला हमला, कहा- लोकतंत्र खतरे में है

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। यशवंत सिन्हा ने बीजेपी से सारे संबंधों को तोड़ने की घोषणा की।

Updated on: 21 Apr 2018, 04:17 PM

नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने शनिवार को पार्टी छोड़ने का ऐलान कर सबको चौंका दिया। यशवंत सिन्हा ने बीजेपी से सारे संबंधों को तोड़ने की घोषणा की। सिन्हा ने यह बात पटना में एक मंच पर कार्यक्रम के दौरान कही।

सिन्हा ने पटना में अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। मैं राजनीति से संन्यास ले रहा हूं, लेकिन आज भी दिल देश के लिए धड़कता है। बता दें कि यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा अब भी मोदी सरकार में मंत्री हैं।

यशवंत सिन्हा ने कहा, 'आज मैं हर तरह की पार्टी राजनीति से 'सन्यास' ले रहा हूं। आज मैं बीजेपी के साथ अपने सभी संबंधों को समाप्त कर रहा हूं।'

उन्होंने कहा, 'पटना मेरा शहर है। आज से चार साल पहले ही मैं सक्रिय राजनीति से संन्यास ले चुका हूं। मैंने चुनावी राजनीति से खुद को अलग कर लिया है।'

यशवंत ने कहा कि बिहार ने बड़े आंदोलन पैदा किये हैं। केंद्र सरकार पर यशवंत सिन्हा ने हमला करते हुए कहा कि संसद का बजट सत्र इतना छोटा कभी नहीं रहा है लेकिन भारत सरकार ने नियोजित ढंग से संसद को नहीं चलने दिया।

गुजरात चुनाव के कारण सत्र को छोटा कर दिया गया। सत्र नहीं चलने से सरकार बहुत खुश थी। सरकार ने अविश्वास प्रस्ताव के कारण सदन नहीं चलने दिया।

आपको बता दें कि सिन्हा ने इसी साल 30 जनवरी को राष्ट्र मंच के नाम से एक नए संगठन की स्थापना की थी। तब उन्होंने कहा था कि यह संगठन गैर-राजनीतिक होगा और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगा। शनिवार को कई विपक्षी दलों के नेताओं के साथ मीटिंग के बाद यशवंत सिन्हा ने यह फैसला लिया है।

और पढ़ेंः मध्य प्रदेश: 8 महीने की मासूम बच्ची के साथ रेप के बाद की गला दबाकर हत्या