logo-image

CWC की अगले हफ्ते बैठक, राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने पर होगा फैसला

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस की एक बैठक बुलाई गई है।

Updated on: 21 Oct 2017, 01:40 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक का एजेंडा तय किया जाएगा, जिसमें राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर फैसला लिया जा सकता है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि नवंबर तक उनके पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हो सकती है। 

राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग काफी लंबे समय से चल रही है। साथ ही पिछले कई साल से उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अटकलें भी लगाई जा रही थीं। हाल ही में राहुल गांधी ने कहा था कि वो आंतरिक चुनाव के माध्यम से ही अध्यक्ष बनना चाहेंगे।

हालांकि पार्टी चुनाव करवाने की जहमत नहीं उठाना चाह रही है। क्योंकि कांग्रेस की राज्य ईकाईयों ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को पहले ही भेज दिया है। लेकिन इस संबंध में अंतिम फैसला शनिवार को होने वाली बैठक में लिया जाएगा। 

पार्टी सूत्रों का कहना है कि 24 अक्टूबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई जा सकती है। सीडब्ल्यूसी में पार्टी से संबंधित बड़े फैसले लिये जाते हैं। ऐसे में राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की जा सकती है। 

इसे भी पढ़ेंः राहुल के वार पर स्मृति का पलटवार कहा- लगे रहो फिर भी हारोगे गुजरात

सीडब्ल्यूसी की बैठक में गुजरात  और हिमाचल के विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा की जा सकती है। साथ ही मोदी सरकार की नीतियों और उसे घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।

हालांकि खबर ये भी है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सी़ब्ल्यूसी की बैठक के बाद हिमाचल और गुजरात के चुनावों की नामांकन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद इसका ऐलान कर सकती हैं। इसमें करीब 10 से 12 दिन तक का समय लग सकता है।  

हालांकि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर पार्टी में सहमति है और उनके खिलाफ कोई शायद ही खड़ा हो। ऐसे में उनका चुनाव बिना किसी विरोध के होगा। 

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पुस्तक के लोकार्पण समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संकेत दिये थे कि जल्द ही राहुल को पार्टी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। 

सभी राज्यों की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें