logo-image

अरविंद केजरीवाल बोले, 2019 का चुनाव मोदी बनाम देश की जनता होगा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि देश में जो डर का माहौल है ऐसे में अगला चुनाव पार्टियों के बीच नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी बनाम पूरा देश होगा।

Updated on: 06 Oct 2017, 09:26 AM

नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि देश में जो डर का माहौल है ऐसे में अगला चुनाव पार्टियों के बीच नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी बनाम पूरा देश होगा। उन्होंने कहा कि लोग अपनी स्वतंत्रता को गिरवी नहीं रख सकते हैं।

कांग्रेस के प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी की किताव के लोकार्पण के लिये आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ये बातें कहीं। इस कार्यक्रम में बीजेपी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा भी थे। सिन्हा इस समय पीएम मोदी से नाराज़ चल रहे हैं और उन्होंने सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना भी की थी।

उन्होंने माना कि विपक्ष का साथ आना सिर्फ चुनावी गणित होगा लेकिन राजनीति में इसकी भी ज़रूरत होती है। उन्होंने कहा कि लोग कम खाने के लिये तैयार हो सकते हैं लेकिन अपनी स्वतंत्रता से समझौता नहीं कर सकते हैं।

केजरीवाल ने कहा, '2019 के चुनाव को जनता लड़ेगी। पार्टियां नहीं लड़ेंगी....लड़ाई आपके (यशवंत सिन्हा की तरफ इशारा करते हुए) नेता, आपके बड़े नेता और जनता के बीच होगी।'

सीएम केजरीवाल ने कहा, 'आप कल्पना नहीं कर सकते देश में किस तरह के डर का माहौल है.....मैं ये नहीं कह रहा कि ये डर सिर्फ मुस्लिमों या ईसाइयों में है.... ये डर व्यापारियों, उद्योगपतियों, शेयर मार्केट, सब में ये डर देखा जा सकता है। डर का माहौल हर जगह है... देश ऐसे कैसे चल सकता है?  आने वाला चुनाव विपक्ष बनाम बीजेपी नहीं बल्कि बीजेपी बनाम पूरा देश होगा।'

और पढ़ें: यशवंत सिन्हा ने इशारों में मोदी-शाह की तुलना दुर्योधन और दुशासन से की

केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि पूरे देश पर नज़र रखी जा रही है और देश में जैसे 'रेड राज' कायम हो गया हो। सभी डर के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने हिम्मत दिखाने के लिये यशवंत सिन्हा की तारीफ भी की। 

इस कार्यक्रम में मनीष तिवारी, यशवंत सिन्हा और अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार की नीतियों और काम करने के तरीकों की आलोचना की।

सिन्हा ने कहा कि वो नहीं जानते कि तीनों नेताओं के एक मंच पर आने से किस तरह की बातें होंगी। उन्होंने कहा कि वो इससे आगे निकल चुके हैं। 

और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने लगातार पांचवें दिन पुंछ में तोड़ा सीजफायर