logo-image

हिमाचल चुनाव: पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, कहा- वो कभी भ्रष्टाचार से अलग नहीं हो सकते

पीएम मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्ट पार्टी बताते हुए कहा है कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार कभी भी एक दूसरे से अलग नहीं हो सकते।

Updated on: 05 Nov 2017, 04:48 PM

नई दिल्ली:

नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर एक बार फिर से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्ट पार्टी बताते हुए कहा है कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार कभी भी एक दूसरे से अलग नहीं हो सकते।

पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ये बात कही है।

पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस 70 सालों से देश पर राज कर रही है लेकिन इस दौरान वे केवल भ्रष्टाचार, जातिवाद, भाई-भतीजावाद और झूठ फ़ैलाने में लिप्त रही है।'

पीएम ने कहा, 'कांग्रेस के सारे नेता ज़मानती नेता हैं, पूरी पार्टी ज़मानत पर है।'

बता दें कि पीएम मोदी रविवार को हिमाचल में तीन चुनावी रैली (कुल्लू, पालमपुर और ऊना) को संबोधित कर रहे हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पालमपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की एक ही पहचान है करप्शन (भ्रष्टाचार)। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हिमाचल के मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार वाले मुख्यमंत्री के नाम से जाने जाते हैं।

राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर पीएम ने कहा हम विकास के मंत्र को लेकर चल रहे हैं लेकिन वह इससे परेशान हो रही है।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस आने वाले हफ्ते में बड़ा शोक मनाने वाली है, स्वाभाविक है उनके पास अब शोक मनाने के सिवाय कुछ बचा ही नहीं है।' पीएम ने कहा, 'हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है, 18 दिसम्बर को हिमाचल एक बार फिर दिवाली मनाने वाला है।'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तकलीफ इस बात की है कि एक चाय वाला प्रधानमंत्री बन गया? एक गरीब मां का बेटा यहां पहुंच गया?

पीएम की ऊना रैली
पालमपुर से पहले पीएम मोदी ने ऊना में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब कोई भी 'पंजा' देश के गरीब का हक नहीं छीन सकता है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ऐसे डॉक्टर थे जिन्होंने बीमारी बताई, इलाज नहीं बताया।

मोदी ने कहा कि हर गड़बड़ी के लिए विपक्ष मुझे दोषी बता रहा है। बारिश नहीं आई मोदी जिम्मेदार, बस लेट आई मोदी जिम्मेदार....सबको आश्चर्य हो रहा है कि ये मोदी-मोदी क्यों कर रहे हैं ये लोग? चोरी रुकने से विरोधी परेशान हैं इसलिए मोदी मोदी की रट लगा रहे हैं।'

उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की अब तक रैलियां नहीं होने पर कहा, 'कांग्रेस पार्टी मैदान छोड़कर भाग गयी है, क्योंकि इस बार हिमाचल की जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाने का मन बना लिया है।'