logo-image

7.6 डिग्री सेल्सियस के साथ शुक्रवार रहा 11 साल में नवंबर का सबसे ठंडा दिन

देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार इस मौसम की पहली सबसे ठंडी सुबह रही।

Updated on: 25 Nov 2017, 01:51 PM

नई दिल्ली:

देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को इस मौसम की पहली सबसे ठंडी सुबह रही। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

पिछली बार दिल्ली में नवंबर में इतनी ठंड साल 2006 में पड़ी थी। जब सफदरगंज स्टेशन पर  न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

वहीं शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 'सुबह कोहरा छाए रहने के साथ दिन भर आसमान साफ रहेगा।'

दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता का स्तर 72 फीसदी दर्ज हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे की वजह से कम से कम 33 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं, पांच के समय में बदलाव किया गया और तीन रद्द कर दी गईं।

इसे भी पढ़ें: ट्विटर ने 45 संदिग्ध खाते बंद किए