logo-image

CWG 2018 : शनिवार का हुआ शानदार अंत, भारत ने जीते 8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज

ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के 10वें दिन भारत के लिए स्वर्णिम दिन रहा।

Updated on: 14 Apr 2018, 09:58 PM

गोल्ड कोस्ट:

ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के 10वें दिन भारत के लिए स्वर्णिम दिन रहा। भारत ने आज 8 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते। भारतीय मुक्केबाजों ने दिन की शानदार शुरुआत की। भारत की दिग्गज मुक्केबाज मैरी कॉम ने महिलाओं की 45-48 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

मैरी कॉम ने इंग्लैंड की क्रिस्टिना ओ हारा को 5-0 से मात देकर पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक हासिल किया। वहीं पुरुषों के 52 किलेग्राम भारवर्ग में गौरव सोलंकी और 75 किलोग्राम भारवर्ग में विकास कृष्ण ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया।

गौरव सोलंकी ने उत्तरी आयरलैंड के ब्रेंडन इरवाइन को 4-1 से मात देते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक गोल्ड के रूप में जीता।

रियो ओलम्पिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले विकास ने फाइनल मुकाबले में कैमरून के दियूदोन विल्फ्रे सेयी को 5-0 से हराया। विकास का भी राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला पदक है।

यह भी पढें: DD vs MI: मुंबई की हार की हैट्रिक, दिल्ली ने 7 विकेट से जीता मैच

इनके अलावा, भारत की झोली में तीन रजत पदक भी आए। भारत के लिए पुरुषों के 91 प्लस किलोग्राम भारवर्ग में सतीश कुमार, 46-49 किलोग्राम भारवर्ग में अमित पंघाल और 60 किलोग्राम भार वर्ग में मनीष कौशिक ने पदक जीते।

अमित का सामना 46-49 किलोग्राम भारवर्ग में इंग्लैंड के गलाल याफाई से हुआ जिन्होंने अमित को 3-1 से हराकर उनके गोल्ड के सपने को तोड़ दिया।

इसके बाद, मनीष कौशिक को पुरुषों की 60 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में आस्ट्रेलिया के हैरी गारसाइड से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। गारसाइड ने कड़े मुकाबले में कौशिक को 3-2 से हराया जिसके बाद मनीष को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

भारत की झोली में दिन का अंतिम रजत पदक सतीश कुमार ने डाला। उन्हें 91 प्लस किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के फ्रेजर क्लार्क ने 0-5 से हराया।

टेबल टेनिस में भारत की स्टार खिलाड़ी मानिका बत्रा ने महिलाओं के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि पुरुषों के युगल वर्ग में अचंता शरथ कमल और साथियान गणानसेकरन की जोड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

मानिका का यह गोल्ड कोस्ट में तीसरा पदक है। उन्होंने महिला टीम का हिस्सा रहते हुए स्वर्ण जीतने के अलावा इससे पहले मौमा दास के साथ महिला युगल स्पर्धा का रजत पदक जीता था।

वहीं पुरुषों के एकल वर्ग में अचंता शरथ कमल को निराशा हाथ लगी। नाइजीरिया के कादरी अरुणा ने सेमीफाइनल में शरथ कमल सीधे गेमों में मात दी। कांस्य पदक के लिए शरथ कमल रविवार को इंग्लैंड के सैमुअल वॉल्कर से भिड़ेंगे।

यह भी पढें: IPL 2018: चेन्नई सुपर किंग्स को लगा झटका, सुरेश रैना अगले दो मैचों के लिए हुए बाहर

पुरुषों के युगल वर्ग में इंग्लैंड के लियाम पिचफोर्ड एवं पॉल ड्रिंकहौल ने अचंता शरथ कमल और साथियान गणानसेकरन की जोड़ी को 3-2 (11-5, 10-12, 9-11, 11-6, 11-8 ) से हराया। और इस भारतीय जोड़ी को रजत से ही संतोष करना पड़ा।

इनके आलावा, भारत के हरमीत देसाई और शंकर शेट्टी की जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

कांस्य पदक के लिए खेले गए इस मुकाबले में भारत के हरमीत देसाई और शंकर शेट्टी ने सिंगापुर की कोएन पांग और इथान पोह की जोड़ी को 3-0 (11-5, 11-6, 12-10) से मात दी।

मिश्रित युगल वर्ग में कांस्य पदक के लिए अचंता शरत कमल और मौउमा दास की जोड़ी का मुकाबला मानिका बत्रा और साथियान गणानसेकरन की जोड़ी से होगा।

हॉकी में भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों को निराशा हाथ लगी। कास्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम को 2-1 से तो महिला हॉकी टीम को 6-0 से इंग्लैंड की टीमों ने हरा दिया।

भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचते हुए भारत के लिए पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता। नीरज ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 86.47 मीटर दूर तक भाला फेंका।

आस्ट्रेलिया के हेमिश पीकॉक ने 82.59 की दूरी तय करते हुए रजत पदक अपने नाम किया जबकि ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स का कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

स्क्वॉश के फाइनल मुकाबले में भारत के सौरव घोषाल एवं दीपिका पल्लिकल कार्तिक की जोड़ी को आस्ट्रेलिया की डोना क्यूहार्ट एवं कैमरुन पिले की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा। फाइनल में हार के कारण भारतीय जोड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

कुश्ती में आज भारतीय पहलवानों का बोलबाला रहा। भारतीय पहलवान सुमित मलिक और विनेश फोगाट ने स्वर्ण पदक जीता।

पुरुष वर्ग में सुमित फ्री स्टाइल कुश्ती के 125 किलोग्राम भारवर्ग में नाइजीरिया के सिनिवेई बोल्टिक को हराया तो महिला वर्ग में विनेश ने भी फ्री स्टाइल कुश्ती में कनाडा की जेसिका मैक्डोनाल्ड को 13-3 से मात देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

सुमित और विनेश के अलावा रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक और पुरुष पहलवान सोमवीर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। साक्षी ने कांस्य पदक के मुकाबले में न्यूजीलैंड की टायला फोर्ड को 6-5 से हराकर कांस्य पदक जीता।

सोमवीर ने पुरुषों के 86 किलोग्राम भार वर्ग में कनाडा के अलेक्जेंडर मूरी को 7-3 से पटखनी देकर कांस्य पदक जीता।

निशानेबाजी में पुरुषों की 50 मीटर राइफल-3 पोजीशन स्पर्धा में भारत के संजीव राजपूत ने रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। संजीव ने बेलमोंट शूटिंग सेंटर में 454.5 का स्कोर करते हुए रिकॉर्ड कायम किया।

बैडमिंटन में भी भारत के लिए स्वर्णिम दिन रहा। भारतीय बैडमिंटन की दो दिग्गज महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल और पी.वी. सिंधु ने महिला एकल वर्ग के अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई।

यह भी पढें: CWG 2018 : टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में हारी कमल-साथियान की जोड़ी, रजत से करना पड़ा संतोष

इसी के साथ यह तय हो गया कि बैडमिंटन में महिला एकल का स्वर्ण और रजत भारत के ही हिस्से आएगा। दोनों दिग्गजों के बीच रविवार को स्वार्णिम भिड़ंत होगी।

सायना ने पहले सेमीफाइनल मैच स्कॉटलैंड की कस्र्टी गिल्मर को कड़े मुकाबले में 21-14, 18-21, 21-17 से हराया तो वहीं सिंधु ने कनाडा की मिशेल ली को 21-18, 21-8 से शिकस्त दी।

वहीं पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने फाइनल में जगह बना ली जबकि एच.एस. प्रणॉय को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

कांस्य पदक के लिए प्रणॉय का मुकाबला इंग्लैंड के राजीव ओसफ से हुआ जहां उन्हें 21-17, 23-25, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा।

वहीं महिला युगल वर्ग में कांस्य पदक पदक के लिए हुए मुकाबले में भारतीय जोड़ी अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी ने आस्ट्रेलिया की सेतयाना मापासा और ग्रोन्या सोमरविले की जोड़ी को 21-19, 21-19 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

एथलेटिक्स में महिलाओं की 4 गुना 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में भारतीय धावकों का प्रदर्शन खराब रहा और वह सातवें पायदान पर रहे।

यह भी पढें: CWG 2018 : बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाज विकास कृष्ण ने 75 किग्रा वर्गभार में जीता गोल्ड