logo-image

हॉन्गकॉन्ग के मैडम तुसाद में अब लगेगा वरुण धवन का मोम का पुतला

मैडम तुसाद के कुशल कारीगरों की एक टीम विशेष रूप से वरुण से मिलने के लिए मुंबई पहुंची थी।

Updated on: 17 Oct 2017, 10:43 AM

हांगकांग:

हॉन्गकॉन्ग के मैडम तुसाद संग्रहालय में बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन का मोम का पुतला लगेगा। वह महात्मा गांधी, नरेंद्र मोदी और अमिताभ बच्चन के बाद चौथे भारतीय होंगे, जिनका पुतला यहां लगेगा। वह 2018 की पहली तिमाही में इसका अनावरण करेंगे।

वरुण ने ट्वीट किया, 'बहुत बड़ा सम्मान। अपने मोम के पुतले को देखने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता। धन्यवाद।' मैडम तुसाद की आधिकारिक वेबसाइट पर वरुण ने कहा, 'मैडम तुसाद के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा। मैं हॉन्गकॉन्ग में अपने मोम के पुतले के लिए बहुत ही उत्सुक हूं।'

ये भी पढ़ें: ऋषि कपूर ने जारी किया 'मुल्क' का पहला लुक​

मैडम तुसाद के कुशल कारीगरों की एक टीम विशेष रूप से वरुण से मिलने के लिए मुंबई पहुंची थी। साथ ही एक विस्तृत बैठक की। 200 से भी अधिक माप लिए गए और टीम ने वरुण के आंख और बाल के रंग को भी मिलाया। वरुण ने भी टीम के साथ पुतले के पोज को लेकर विचार साझा किए।

मैडम तुसाद, हॉन्गकॉन्ग की महाप्रबंधक जेनी यू ने कहा, 'वरुण धवन बॉलीवुड के सबसे चहेते अभिनेताओं में से एक हैं। हम इस बॉलीवुड अभिनेता के साथ साझेदारी करके काफी प्रसन्न हैं। हॉन्गकॉन्ग एक बहुसांस्कृतिक महानगर है, जोकि हमें एक अनोखा ब्रांड बनाता है।'

ये भी पढ़ें: दिवाली 2017: शहनाज हुसैन के टिप्स से चमकाएं बाल, हाथ और नाखून

यू ने कहा, 'पर्यटक यहां मैडम तुसाद में हॉलीवुड, एशिया और बॉलीवुड के सितारों से मिल सकते हैं। बॉलीवुड फिल्मों की दुनिया भर में लोकप्रियता हांगकांग के लोगों को बॉलीवुड की संस्कृति के प्रति आकर्षित कर रही है। इसके अलावा, भारतीय, हॉन्गकॉन्ग में चौथा सबसे बड़ा जातीय समूह हैं। हमें यकीन है कि वरुण का पुतला पर्यटकों के लिए एक नया अनुभव रहेगा।'

बता दें कि हाल में वरुण धवन की 'जुड़वा 2' रिलीज हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। इसमें उनके साथ जैकलीन फर्नांडीज और तापसी पन्नू नजर आईं। यह फिल्म सलमान खान की 'जुड़वा' का सीक्वल है।

ये भी पढ़ें: धनतेरस 2017: पूजा करने का शुभ मुहूर्त और विधि