logo-image

पद्मावती विवाद: बदले-बदले नजर आए पहलाज निहलानी बोले- बिना देखे विरोध ठीक नहीं

दरअसल, 'पद्मावती' के समर्थन में बॉलीवुड उतर आया है। अभिनेत्री विद्या बालन, अर्जुन कपूर और अरशद वारसी ने भी दीपिका पादुकोण की फिल्म का समर्थन किया है

Updated on: 10 Nov 2017, 11:52 PM

नई दिल्ली:

बॉलीवुड फिल्मों में कांट छांट को लेकर विवादों में रहने वाले सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी भी संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' के समर्थन में उतर गये हैं। उन्होंने कहा, 'लोगों ने पहले विरोध क्यों नहीं जताया जब पद्मावती पर अन्य फिल्में बनाई गईं। सेंसर बोर्ड इसके लिए जिम्मेदार है कि क्या करना है और क्या कट करना है। फिल्म को बिना देखे इसके खिलाफ प्रदर्शन करना गलत है।'

दरअसल, 'पद्मावती' के समर्थन में बॉलीवुड उतर आया है। अभिनेत्री विद्या बालन, अर्जुन कपूर और अरशद वारसी ने भी दीपिका पादुकोण की फिल्म का समर्थन किया है।

बता दें राजस्थान की करणी सेना ने भंसाली पर तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने फिल्म के सेट को तहस-नहस करने के साथ भंसाली के साथ मारपीट भी की। राजस्थान, मध्य प्रदेश के साथ कई राज्यों में फिल्म का विरोध चल रहा है।

और पढ़ें: 'पद्मावती' विवाद के बीच जारी हुआ शाहिद कपूर का नया पोस्टर, शाही अंदाज में आए नजर

भंसाली ने कई बार स्पष्टीकरण दिया है कि फिल्म में ऐसा कोई दृश्य नहीं हैं, जो किसी की भावनाओं को चोट पहुंचाता हो। उन्होंने कहा कि यह फिल्म देखकर राजपूत समुदाय गर्व महसूस करेगा। अफवाह फैलाकर राजपूतों को बेवजह भड़काया जा रहा है।

फिल्म में दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर और रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। दीपिका इसमें रानी पद्मावती, शाहिद कपूर उनके पति राजा रत्न सिंह और रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म की रिलीज डेट 1 दिसंबर है, लेकिन यह रिलीज होगी या नहीं, इस पर सस्पेंस बरकरार है।

और पढ़ें: 'पद्मावती' विवाद पर प्रसून जोशी बोले- हम संजय लीला भंसाली का सम्मान करते हैं